- घोड़ाडोंगरी में जल जीवन मिशन के तहत 5 ग्रामों की योजनाओं का किया शिलान्यास


घोड़ाडोंगरी। आजादी के बाद लगभग 55 वर्षों तक सत्ता में रहे विभिन्न दलों ने गांव के गरीब की कभी चिंता नहीं की लेकिन जब अटल जी एवं नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सत्ता आई तो गांव गांव तक सड़क भी पहुंच गई और अब गांव के हर घर में नल से पेयजल उपलब्ध कराने की योजना को मिशन के रूप में लिया गया है। यह विचार बैतूल संसदीय क्षेत्र के सांसद डीडी उईके ने गुरुवार की सुबह घोड़ाडोंगरी में जल जीवन मिशन के तहत 5 ग्रामों की नल जल योजनाओं के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तत्वावधान में घोड़ाडोंगरी में आयोजित शिलान्यास समारोह में घोड़ाडोंगरी विकासखंड के खमालपुर, खकरा कोयलारी, दूधावानी, बांसपुर और रानीपुर की नल जल योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन पांचों ग्रामों में 3 करोड़ से अधिक की लागत से नल जल योजनाओं के टेंडर हो चुके हैं और कार्य शुरू होना है। शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके ने की जबकि पूर्व विधायक श्रीमती गीता उइके, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला धुर्वे,भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि राजेश महतो, जिला उपाध्यक्ष विशाल बत्रा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र मालवीय, भाजयुमो प्रदेश मंत्री दीपक उईके,जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्यामवती टेम्रवार,श्रीमती जानकी नर्रे, सीईओ दानिश अहमद खान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी की अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती वासनिक, वरिष्ठ नेता प्रशांत गावंडे, मारोतिराव सोनारे, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, बिजीलाल धुर्वे,शंकर राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। सांसद श्री उइके ने अपने संबोधन में जल जीवन मिशन के बारे में बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना है ।जिसके तहत पूरे देश में 2024 तक प्रत्येक घर में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल का प्रदाय किया जाना है । उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि हमारा संसदीय क्षेत्र इस मामले में अव्वल आए और 2022 तक ही हम प्रत्येक घर को नलजल के माध्यम से पेयजल सुनिश्चित करने में सफल सफलता हासिल करें। इसके लिए हमने अधिकारियों के साथ बैठकर कार्य योजना बनाई है और तेजी से काम शुरू किया है। कार्यक्रम को पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी मांग के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गांव में विकास की योजनाएं लगातार भेज रहे हैं । बदले में केवल जनता का आशीर्वाद चाहते हैं जिससे कि देश में विकास की गंगा लगातार बहती रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश महतो ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से गांव के गरीब को भी नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल बत्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी की नीयत और नीति देखिए की गांव में प्रत्येक व्यक्ति को नल से पेयजल दिया जाना है उसमें भी डिसइन्फेक्शन यूनिट लगा रहे हैं जिससे कि ग्रामीणों को भी फिल्टर पानी मिल सके। वरिष्ठ नेता राजेंद्र मालवीय ने जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं के शिलान्यास पर ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए इससे ग्रामीण क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन होने की बात कही। कार्यक्रम में मंच संचालन जतिन आहूजा एवं आभार प्रदर्शन सरपँच बिजीलाल धुर्वे द्वारा किया गया।इस अवसर पर बांसपुर निवासी आदिवासी महिला श्रीमती सुमित्रा उइके का पेयजल टंकी हेतु जमीन दान करने पर सांसद एवं उपस्थित जन प्रतिनिधि द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष आशीष वागद्रे, राकेश अरोरा, सुरेखा चौधरी, विनोद पातरिया, आनंद अग्रवाल, उर्मिला तिवारी, गोपाल भलावी जिंदर छाबड़ा जे पी रघुवंशी विशाल घोड़की,सहित बड़ी संख्या में संबंधित ग्रामों के नागरिक उपस्थित थे।
+ There are no comments
Add yours