- सुंशात सुसाइड केस की जांच के लिए बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई में है
- बीएमसी ने कोरोना गाइडलाइंस का हवाला देकर पटना एसपी को क्वारैंटाइन किया
- बिहार पुलिस का कहना है- मुंबई पुलिस के इशारे पर ये सबकुछ हो रहा है ताकि पटना पुलिस अपनी जांच पूरी न कर सके
मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में हर दिन टर्न सामने आ रहा है। बिहार पुलिस की एक टीम जांच के लिए इन दिनों मुंबई में है। यह टीम सुशांत की दोस्त रिया चक्रवर्ती के साथ उनके क्रिएटिव कंटेंट मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी को भी तलाश रही है। सोमवार को सिद्धार्थ से पूछताछ होनी थी, लेकिन वे सामने नहीं आए।
उधर, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अफसर बिहार पुलिस के उन चार पुलिस अफसरों को तलाश रही, जो जांच के लिए मुंबई में आए हुए हैं। बीएमसी ने रविवार को पटना के एसपी विनय कुमार तिवारी क्वारैंटाइन कर दिया है।
पटना के आईजी संजय सिंह ने बताया कि हमारी पुलिस चिह्नित लोगों को मुंबई में खोज रही है, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं लगा सकी है। इस बीच सिद्धार्थ पिठानी ने दो दिन पहले मुंबई पुलिस को ई-मेल भेजकर बताया कि सुशांत का परिवार उन पर रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव बना रहा है।
पटना के आईजी ने बीएमसी कमिश्नर को पत्र लिखा, कहा- एसपी को छोड़ दें
बिहार पुलिस ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस के इशारे पर ये सबकुछ हो रहा है ताकि पटना पुलिस अपनी जांच पूरी न कर सके। पटना के आईजी संजय सिंह ने बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल को एक पत्र लिखकर एसपी तिवारी को छोड़ने की अपील की है। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि पुलिस अफसर को क्वारैंटाइन करना ठीक नहीं है। हमारी सरकार की तरफ से डीजीपी ने पूरी सूचना दी है। बिहार के डीजीपी खुद भी वहां के डीजीपी से बात करेंगे।
बॉम्बे हाईकोर्ट में सुशांत मामले की सुनवाई आज
सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग से जुड़ी एक याचिका पर आज बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश दिपांकर दत्ता की अध्यक्षता में बनी बेंच सुनवाई करेगी। सुशांत ने 14 जून को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। तब से लेकर अब तक मुंबई पुलिस 56 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने सबसे पहले इस मामले को सीबीआई को ट्रांसफर करने की मांग की थी।
+ There are no comments
Add yours