निरोगी काया अभियान के संचालन की प्रभावी रणनीति तैयार करें-कलेक्टर

Estimated read time 1 min read
  • 15 अगस्त से 30 सितम्बर तक संचालित होगा अभियान

बैतूल। हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर्स कार्यक्रम अंतर्गत एनसीडी स्क्रीनिंग हेतु आगामी 15 अगस्त से 30 सितंबर तक संचालित होने वाले निरोगी काया अभियान की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस द्वारा गत दिवस स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में श्री बैंस ने अभियान के संचालन की प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। इस अभियान का उद्देश्य असंचारी (नॉन कम्युनिकेबल डिसीज) रोगों के मरीजों की बीमारी की प्रारंभिक स्थिति पहचान कर उपचार प्रारंभ करना तथा समाज में असंचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के दौरान असंचारी रोगों से बचाव के तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी ने बताया कि अभियान हेतु चिन्हित क्षेत्रों में समस्त चिन्हित उप स्वास्थ्य केन्द्र, समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र तथा समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सम्मिलित हैं। अभियान अंतर्गत चिन्हित क्षेत्रों में सभी परिवार एवं 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति लक्षित लाभार्थियों के रूप में शामिल किए जाएंगे। अभियान में आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर सभी परिवारों का फैमिली फोल्डर एवं 30 वर्ष या अधिक आयु के सभी व्यक्तियों का सीबैक फार्म भरा जायेगा। तीस वर्ष एवं अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिसीज) स्क्रीनिंग की जायेगी। समस्त भौतिक जानकारी एनसीडी एप में दर्ज की जायेगी। 30 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के सभी व्यक्ति जिनकी एक वर्ष पूर्व में स्क्रीनिंग की जा चुकी थी, की भी पुन: स्क्रीनिंग की जाना है। स्क्रीनिंग में संभावित/पॉजिटिव पाए गए मरीजों को निकटस्थ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में रैफर किया जायेगा। रैफर किये गये मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिकता पर आवश्यक जांच की जाकर समस्त भौतिक जानकारी एनसीडी एप में दर्ज की जायेगी। एनसीडी रोग की पहचान होने पर संबंधित रोगी का आवश्यक उपचार करते हुये आवश्यक दवा प्रदाय की जायेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के  अंतर्गत आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगी, ए.एन.एम. एम.पी.डब्ल्यू (पुरूष) कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर तथा चिकित्सा अधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगी, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर को प्रशिक्षण दिया जाकर अभियान को सफल बनाया जायेगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिलाष मिश्रा भी मौजूद थे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours