तवा-3 खदान खुलने का रास्ता साफ, जमीन अधिग्रहण के आदेश जारी

Estimated read time 1 min read

कलेक्टर ने शनिवार को जारी किए आदेश, अब शुरू हो सकेगा तवा-3 खदान का काम

रंजीत सिह (सारनी)। वेस्टर्न कोल फील्ड़्स की प्रस्तावित तवा-3 खदान को शुरू करने के लिए जमीन के अधिग्रहण का अड़ंगा खत्म हो गया है। आमला-सारनी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, बैतूल हरदा सांसद दुर्गादास उइके के प्रयासों से शनिवार को बैतूल कलेक्टर राकेश सिंह ने अधिग्रहण संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद निजी और वन भूमि पर खदान का काम शुरू हो सकेगा। कलेक्टर ने शनिवार को जारी अपने आदेश क्रमांक 11अ-82/17-18/भू अर्जन 4865 के तहत उक्त आदेश जारी कर दिए हैं।
डब्ल्यूसीएल की तवा-3 खदान को लेकर वर्षों से मामला लंबित था। सांसद श्री उइके और विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने इसे अपने अहम मुद्दों में शामिल किया। इसके बाद से लगातार वे ग्रामीणों के बीच चर्चा करते रहे। पुनर्वास क्षेत्र चोपना के गांधीग्राम और डगडगा गांव की पंचायतों में ग्राम सभा के बाद इसे मंजूरी मिल गई थी। भाजपा के जिला मंत्री रंजीत सिंह ने बताया ग्रामीणों के बीच डब्ल्यूसीएल, राजस्व और विधायक ने कई स्तर पर बैठक की तब जाकर इस मसले का हल निकल पाया। ग्रामीणों ने इसे मंजूरी दी। इसके बाद यहां के 6 किसानों की तकरीबन 2.419 हेेक्टेयर जमीन को अधिग्रहित करने का प्रस्ताव लिया गया। इसके तहत निरेन वल्द तारापद, विरेन वल्द तारापद, विधान वल्द तारापद, विपुल वल्द तारापद, राजेंद्र वल्द प्राण, रतन पुशिद भोला वल्द सुधीर गणेश, नाबा वल्द सुधीर और भागवती प्रभाकी वल्द सुधीर की जमीनें शामिल हैं। अवार्ड की राशि 10 लाख 98 हजार 498 रुपए तय की गई है। इसके लिए कलेक्टर श्री सिंह ने डब्ल्यूसीएल के प्रबंधक को आदेशित कर नक्शा दुरुस्त करने को कहा है। इस कार्रवाई के बाद अब तवा-3 खदान के खुलने का रास्ता एकदम साफ हो गया है। भूमि अधिग्रहण के बाद अब डब्ल्यूसीएल प्रबंधन अपने स्तर पर खदान का काम शुरू कर सकेगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours