डॉक्टर और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या

Estimated read time 1 min read
  • छिंदवाड़ा में पुरानी रंजिश में युवक ने की फायरिंग; खुद के सिर में भी मारी गोली

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में एक युवक ने डॉक्टर और उनकी पत्नी को क्लिनिक में घुसकर गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। दंपती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वारदात शनिवार दोपहर 2.15 बजे की बताई जा रही है। BHMS डॉक्टर महेश डेहरिया (55), पत्नी वंदना (50) के साथ अमरवाड़ा के खमरा रोड पर स्थित अपने क्लिनिक पर थे। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। दोनों को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर महेश बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष थे। आरोपी सोनू मालवीय उर्फ प्रिंस (25) भी घायल है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक ने पुरानी रंजिश की वजह से दंपती पर हमला किया। सिविल सर्जन डॉ. सोनिया ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दंपती ने दम तोड़ दिया था। वहीं, पुलिस ने कहा, ‘सोनू ने डॉ. महेश डेहरिया को छाती में गोली मारी थी। डॉक्टर को बचाने उनकी पत्नी सामने आई तो उनकी पीठ में गोली लगी। इसके बाद आरोपी ने अपने सिर में गोली मार ली।’

आरोपी पर चाकूबाजी सहित अन्य मामले भी हैं दर्ज

आरोपी सोनू उर्फ प्रिंस मालवी छिंदवाड़ा शहर में सोनपुर मल्टी में रहता है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कोतवाली थाने में चाकूबाजी सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 110 की कार्रवाई की थी। मृतक के घर के पास आरोपी के रिश्तेदार का घर था, इसी वजह से उसका वहां आना-जाना होता था।

डॉक्टर की दो बेटियां हैं, एक विदेश में कर रही है पढ़ाई
डॉक्टर महेश डेहरिया की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी पलक विदेश में रहकर MBBS की पढ़ाई कर रही है। वहीं छोटी बेटी अमरवाड़ा के ही स्कूल में पढ़ाई कर रही है। जब डॉक्टर और उनकी पत्नी को आरोपी ने गोली मारी थी, तब छोटी बेटी स्कूल पढ़ने गई थी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours