टॉप पट्टी बाखल में चेकअप करने गई टीम पर लोगों ने पथराव किया, बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया

Estimated read time 1 min read
  • टीम दोपहर में कुछ महिलाओं का चेकअप करने पहुंची थी, पुलिस बोली – आपके लिए है ये बस, ऐसा मत करिए
  • इंदौर में 63 पॉजिटिव मिले, संक्रमित मरीजों में इंदौर में तीन, उज्जैन में दो और खरगोन में एक मरीज की मौत हो चुकी है

इंदौर. देश के हॉट स्पॉट में शामिल हो चुके इंदौर में लोग अपनी गलती से सबक सीखने को तैयार ही नहीं हैं। दो दिन पहले रानीपुरा क्षेत्र में मेडिकल टीम के ऊपर थूकने के बाद बुधवार को तो रहवासियों ने पथराव ही कर दिया। टीम दोपहर में टाटपट्टी बाखल में कुछ महिलाओं को चेकअप के लिए ले जाने पहुंची थी। इसी बात का रहवासियों ने विरोध किया और पुलिस के बैरिकेड को तोड़कर टीम पर पथराव कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया।

पुलिस ने बताया कि टीम एक बुजुर्ग महिला को मेडिकल चेकअप के लिए लेकर जाने वाली थी। इसी को लेकर यहां पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और विवाद करने लगे। समझाने के बाद भी ये नहीं माने और पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इन लोगों पथराव भी किया। सूचना के बाद बढ़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। इनका कहना था कि क्षेत्र से किसी को लेकर जाना हो तो पहले हमंे जानकारी दी जाए। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी कि आप ऐसा ना करें। जो भी किया जा रहा है आपकी सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई ऐसे इलाके हैं, जहां पर बाहर से आए कई लोग रुके हुए हैं और उनके कोरोना संक्रमित होने की आशंका है। इसी कारण टीम ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर उनका चेकअप कर रही है।

इंदौर में काेरोना पॉजिटिव की संख्या 63 हुई
इंदौर में लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले एक सप्ताह में यहां इनकी संख्या 63 पहुंच गई है। संक्रमित मरीजों में इंदौर में तीन, उज्जैन में दो और खरगोन में एक मरीज की मौत हो चुकी है। मंगलवार देर रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज ने कोरोना पॉजिटिव की जो रिपोर्ट जारी की, उसमें 3, 5 और 8 साल के तीन बच्चे भी हैं। 63, तंजीम नगर खजराना के इस घर के 9 सदस्य संक्रमित मिले हैं, जिनमें 3 साल से 45 साल तक की उम्र के लोग हैं। इस परिवार की एक बुजुर्ग महिला पहले से ही संक्रमण के कारण अस्पताल में है। इस परिवार को भी आइसोलेट किया जा चुका है। इसके अलावा एक टीआई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। 

शुरुआती 27 पॉजिटिव मरीजों में से 20 ठीक हुए
पॉजिटिव में मनोरमागंज की 24 वर्षीय युवती, खजराना के 56 वर्षीय व्यक्ति, पार्क रोड वल्लभ नगर का 22 वर्षीय युवक, निपानिया के 24 व 74 वर्षीय व्यक्ति, माणिकबाग के 39 वर्षीय पुरुष व 66 साल की महिला, दौलतगंज के 2 रहवासी हैं। सुबह 17 अन्य मरीजों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। हालांकि शुरुआती 27 पॉजिटिव मरीजों में से 20 ठीक हो चुके हैं। ज्यादातर करीबी लोग ही संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। इतनी बड़ी तादाद में मामले आने के बाद कलेक्टर ने 7 दिन तक ऐसी सख्ती जारी रखने की बात कही है। किराना, सब्जी, दूध की दुकानें नहीं खुलेंगी। दूध 8-10 बजे के बीच घर आएगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours