कोरोना काल में चुनाव : इस बार मतदान केंद्रों पर होगा मास्क, ग्लब्स, सेनेटाइजर और पानी-साबुन

Estimated read time 1 min read

भोपाल. मध्य प्रदेश में होने जा रहे उप चुनाव की तैयारी तेज़ हो गयी है. देश के उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन ने आज इंदौर में इस सिलसिले में बैठक की और चुनाव इंतज़ामों की जानकारी ली. ये पहला मौका है जब किसी महामारी के माहौल में मतदान होना है. सुदीप जैन ने मतदान केंद्रों पर निर्भीक और निष्पक्ष मतदान के इंतज़ाम के साथ कोरोना से बचाव के उपाय करने के निर्देश भी अफसरों को दिए.

भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त  सुदीप जैन ने आज उच्च स्तरीय बैठक में इंदौर और उज्जैन संभाग के सात ज़िलों में हो रहे उपचुनावों की तैयारी की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि कोरोना की पृष्ठ भूमि में उप चुनाव के दौरान सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भय मुक्त मतदान के लिये विशेष रूप से इंतजाम रखें जाएं. उन्होंने कहा कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षित मतदान की विशेष व्यवस्था के बारे में मतदाताओं को बताने के लिए भी कहा. ताकि आम मतदाताओं के साथ बुजुर्ग, दिव्यांग और कोरोना के संदिग्ध और पॉजिटिव मरीज भय मुक्त वातावरण में मतदान कर सकें.

टोकन सिस्टम की सलाह
बैठक में सुदीप जैन ने समीक्षा के दौरान कोरोना से बचाव के विशेष इंतजामों की समीक्षा कीं. उन्होंने कहा चुनाव आयोग की गाइड लाइन के मुताबिक सभी मतदान केंद्रों पर ज़रूरी इंतज़ाम किए जाएं.इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतें. मतदान केन्द्रों पर सामाजिक दूरी, सेनेटाइजेशन, ग्लब्स, मास्क, हाथ धोने के लिये पानी और साबुन रखा जाए. मतदान केन्द्रों पर आने वाले कोविड पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों के आईसोलेशन की अलग से व्यवस्था की जाए. मतदान केन्द्रों पर लम्बी कतार नहीं लगे, इसके लिये प्रतीक्षा स्थल का इंतजाम किया जाए. संभव हो तो टोकन की व्यवस्था भी की जाए.
अपराधियों पर नकेल
जैन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिये किये जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की. उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए. चुनाव के दौरान मिलने वाली हर शिकायत का गंभीरता से निपटारा किया जाए.मतदान केन्द्रों पर लाइट और पानी का पर्याप्त इंतज़ाम हो.

वीरा राणा भी थीं मौजूद
भारत निर्वाचन आयोग ने इंदौर में ये बैठक की थी. इसमें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश वीरा राणा भी मौजूद थीं. इसमें इंदौर संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी योगेश देशमुख, डीआईजी  हरिनारायणचारी मिश्र, उज्जैन के संभागायुक्त आनंद शर्मा और आईजी राकेश गुप्ता सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक बुलाए गए थे.

More From Author

+ There are no comments

Add yours