कार्यकर्ताओं की आवाज ही भाजपा जिला अध्यक्ष की आवाज होगी- बबला

Estimated read time 1 min read

पार्टी के वरिष्ठजनों को मिलेगा सम्मान, युवा कार्यकर्ताओं को क्षमता के मुताबिक मिलेगा दायित्व
छिंदवाड़ा में स्थापित यूनिवर्सिटी को बैतूल स्थानांतरित करवाना रहेगा प्राथमिकता

बैतूल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुशांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बतौर कार्यकर्ता के रूप में समाजसेवा का संकल्प लेकर सार्वजनिक जीवन की शुरूवात करने वाले आदित्य बबला शुक्ला अपनी सक्रिय, जुझारू, संघर्षशील, ईमानदार एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली के चलते साल दर साल जहां जिले के युवाओं में खासे लोकप्रिय हुए साथ ही जिले की भाजपा की राजनीति में धूमकेतु की तरह उभरे। बीते ढाई दशक के राजनैतिक सफरनामें के दौरान पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को भांपकर वरिष्ठ नेतृत्व ने उन्हें अनेक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपकर उनकी योग्यता एवं क्षमता का भरपूर उपयोग किया। हाल ही में प्रदेश भाजपा संगठन ने बबला शुक्ला को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित माने जाने वाले भाजपा जिलाध्यक्ष पद से नवाजा गया। बैतूल भाजपा जिला अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद श्री शुक्ला बैतूल जिले में बूथ स्तर पर भाजपा को ताकतवर बनाने में जुट गए है। उनका मानना है कि जिले में पार्टी के वरिष्ठजनों को जहां भरपूर सम्मान मिलेगा वहीं पार्टी के कर्मठ, निष्ठावान, युवा कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी देकर युवा नेतृत्व को उभारा जायेगा। बतौर भाजपा जिलाध्यक्ष प्राथमिकताओं के सवाल पर बबला शुक्ला का साफ कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा छिंदवाड़ा जिले में स्थापित की गई यूनीवर्सिटी को बैतूल जिले में स्थानांतरित करवाने के साथ ही पूर्व विधायक, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अथक प्रयासों से बैतूल में निर्मित 300 बेड के हॉस्पीटल को अत्याधुनिक बनाने के लिए भरकस प्रयास करेंगे। इसके अलावा जिले के बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जिले में लघु उद्योगों की स्थापना करवाई जाएगी। 
दैनिक राष्ट्रीय जनादेश के प्रधान कार्यालय में सौजन्य भेंट करने आये बैतूल भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने चर्चा के दौरान उक्त बातें कही। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शुक्ला ने जिला अध्यक्ष पद उनकी नियुक्ति, संगठन को मजबूत करने की रणनीति, युवा नेतृत्व को उभारने, उनकी प्राथमिकताओं सहित विभिन्न मुद्दों पर बेबाक बातचीत प्रस्तुत है यहां बातचीत के अंश- 
दैनिक राष्ट्रीय जनादेश- भाजपा जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को आप किस नजरिए से देखते हो? 
बबला शुक्ला- लगभग ढाई दशक से मैं निष्ठापूर्वक समर्पित भाव से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। मेरी क्षमताओं का आंकलन कर वरिष्ठ नेतृत्व ने मुझे बैतूल भाजपा जिलाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है। वरिष्ठ नेताओं ने मुझे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, वरिष्ठ नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता रहेगा। 
राष्ट्रीय जनादेश- जिले में भाजपा संगठन को मजबूत करने की आपकी क्या रणनीति रहेगी? 
बबला शुक्ला – मेरा फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। इसके लिए जिले में सक्रिय लोकप्रिय एवं जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को मेन स्ट्रीम में लाकर उन्हें संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। 
राष्ट्रीय जनादेश- आपकी छबि युवा नेता की है, ऐसे में पार्टी जिलाध्यक्ष बनने के बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ सामजस्य कैसे बिठायेंगे? 
बबला शुक्ला- युवाओं के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मेरा पूर्व से ही अच्छा सामजस्य रहा है। संगठनात्मक गतिविधियों में आवश्यकतानुसार वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भी लिया जायेगा। 
राष्ट्रीय जनादेश- पार्टी में व्याप्त गुटबाजी को खत्म करने की क्या रणनीति रहेगी? 
बबला शुक्ला– पार्टी में गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है। जिले में भाजपा पूरी तरह से एक है। 
राष्ट्रीय जनादेश- अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के जमीनी, निष्ठावान, समर्पित युवा नेताओं में आपसे बहुत उम्मीद है? जिला कार्यकारणी में युवा नेताओं को कितना नेतृत्व मिलेगा? 
बबला शुक्ला- पार्टी के वरिष्ठजनों को भरपूर सम्मान दिया जायेगा। जहां तक युवा नेतृत्व को उभारने का सवाल तो निष्ठावान, ऊर्जावान सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी आगे लाने के लिए उनकी क्षमता के मुताबिक दायित्व सौंपा जाएगा। 
राष्ट्रीय जनादेश- जिला कार्यकारणी में भी क्या उम्र का क्राइट एरिया रहेगा? 
बबला शुक्ला- उम्र के क्राइट एरिया का मामला संगठन तय करेगा। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों, पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ, सांसद डीडी उईके एवं आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे की सहमति से जिला कार्यकारणी का गठन करेंगे। 
राष्ट्रीय जनादेश- वर्तमान में जिले में 4 कांग्रेसी विधायक है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की उपेक्षाओं पर कैसे खरे उतरेंगे?
बबला शुक्ला- हमारे कार्यकर्ता निष्ठावान है एवं पार्टी लाइन के अनुसार ही हमेशा काम करते है। समूचे जिले में भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय है। कार्यकर्ताओं की आवाज हमेशा की तरह बुलंद रहेगी, कार्यकर्ता की आवाज ही जिला अध्यक्ष की आवाज होगी। 
राष्ट्रीय जनादेश- बतौर भाजपा जिलाध्यक्ष आपकी क्या प्राथमिकता रहेगी? 
बबला शुक्ला- भाजपा को मतदान केन्द्र स्तर पर मजबूत करना महत्वपूर्ण प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा जिले के बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लघु उद्योगों की स्थापना के लिए प्रयास किया जायेगा। तात्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा छिंदवाड़ा जिले में स्थापित किए गए विश्व विद्यालय को बैतूल जिले में स्थानांतरित करवाया जायेगा। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अथक प्रयासों से निर्मित 300 बेड के हास्पिटल को कांग्रेस के शासन काल में सामन्य अस्पताल बना दिया था। जिला मुख्यालय पर स्थित उक्त हॉस्पीटल को अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस करने के लिए भरकस प्रयास किये जायेंगे। जिससे बैतूल सहित पड़ौसी जिले के लोगों को भी इस शासकीय अस्पताल से उत्कृष्ट स्तर की चिकित्सा सुविधाएं मिल सके, यह भी मेरी प्राथमिकता में रहेगा। 
राष्ट्रीय जनादेश- वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के दौर में पार्टी की क्या भूमिका रहेगी? 
बबला शुक्ला- वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से बचाव एवं इस आपदा काल में प्रभावित लोगों की मदद के लिए समूचे जिले में पार्टी एक्टिव है। जरूरतमंद, मजदूरों, गरीबों को भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं पार्टी स्तर पर भी की जा रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जमीनी स्तर तक आमजन को कोरोनासे बचाव के लिए सोशल- फिजीकल डिस्टेंसिंग सहित अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। 

More From Author

+ There are no comments

Add yours