- जिले में एक से 5 मार्च तक संचालित किया जा रहा है पौधारोपण महाअभियान
- अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण विभाग द्वारा एक छात्र-एक पौधा अभियान संचालित
बैतूल। पौधारोपण को जन आन्दोलन बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संकल्प को जन भागीदारी से एक महाअभियान का रूप दिया जा रहा है। इस महाअभियान के तहत कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिलाष मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लक्ष्मीतरू के पौधे रोपे। जिला पंचायत परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री मिश्रा सहित अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आरएन श्रीवास्तव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी द्वारा लक्ष्मीतरू एवं अशोक के पौधे रोपे गए।
एक छात्र-एक पौधा अभियान
अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण विभाग द्वारा समूचे जिले में एक छात्र-एक पौधा अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत विभाग के अधीन संचालित छात्रावासों एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा अपने नाम से एक-एक पौधा रोपा जा रहा है। बुधवार को भी इस अभियान के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा पौधे रोपे गए। स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों ने अधीनस्थ स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आरोग्य केन्द्रों में पौधारोपण किया।
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने अंकुर कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त नागरिकों, समुदायों, शासकीय विभाग एवं स्वैच्छिक संगठनों से 5 मार्च तक अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण अभियान चलाये जाने की अपील की है। पांच मार्च को राज्य एवं जिला स्तरीय समारोह में पर्यावरण विभाग द्वारा संचालित अंकुर कार्यक्रम अन्तर्गत प्राणवायु अवार्ड प्रदान किये जाएंगे।
अभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें सभी स्टेक होल्डर्स को सम्मिलित किया गया है। समिति एक से 5 मार्च के पौधारोपण अभियान का सतत समन्वय, अनुश्रवण एवं मॉनिटरिंग करेगी तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करेगी।
सीईओ जिला पंचायत श्री अभिलाष मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत समस्त शासकीय कार्यालयों के भवनों, सार्वजनिक उपक्रमों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, निगम, मंडलों के कार्यालयों के प्रांगण में उपयुक्त स्थान पर पौधारोपण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी, छात्रावास, पंचायत आदि के परिसरों में भी पौधारोपण कराया जा रहा है। उपलब्ध अन्य शासकीय एवं वन भूमियों पर भी पौधारोपण किया जा सकता है।
इस अभियान से जुडऩे वाला प्रत्येक व्यक्ति पोर्टल https://webcast.gov.in/mp/cmevents पर तथा एक से 5 मार्च के मध्य विशेष रूप से बनाई गई मिस कॉल सेवा नम्बर 0755-2706666 पर मिस कॉल देकर सूचना दे सकते हैं। सामूहिक रूप से किये गये पौधारोपण कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी व्यक्तियों से मिस्ड कॉल देने की अपील की गई है।
+ There are no comments
Add yours