- आंगनबाड़ी केन्द्र नरखेड़ का किया निरीक्षण
बैतूल। कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस गुरूवार को प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम मंगोनाखुर्द पहुंचे एवं यहां चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम नरखेड़ की आंगनबाड़ी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाएं देखीं।
मंगोनाखुर्द में ग्राम चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पेयजल की सुगम उपलब्धता बनाए रखने के लिए नल-जल योजना का शुल्क आवश्यक रूप से जमा करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मिल रही यह सुविधा उनके शुल्क जमा करने से ही बेहतर रूप से संचालित हो सकेगी। ग्राम की कच्ची सडक़ों को पक्का बनाने के लिए निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्राप्त समस्याओं का भी गंभीरता से निराकरण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने प्रभातपट्टन में निर्माणाधीन तहसील भवन का भी निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में भवन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि भवन में कार्यालय की उपयुक्तता अनुसार आवश्यक अंदरूनी निर्माण सुनिश्चित किए जाएं। ग्राम नरखेड़ में आंगनबाड़ी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की मरम्मत करने एवं पेयजल पाइप में टोंटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र के अभिलेखों का भी निरीक्षण किया एवं कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। आंगनबाड़ी केन्द्र से पोषण आहार वितरण व्यवस्था पर भी कलेक्टर ने पूछताछ की। उपरोक्त आंगनबाड़ी ‘एडॉप्ट एन आंगनबाड़ी’ कार्यक्रम के तहत ग्राम सरपंच द्वारा गोद ली गई है। कलेक्टर के भ्रमण के दौरान विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी भी मौजूद थे।
+ There are no comments
Add yours