आमला में रेलवे लगाएगा सौर उर्जा प्लांट, बैतूल में एटीव्हीएम

Estimated read time 1 min read
  • सांसद के कई प्रस्तावों पर रेलवे ने दी सहमती
  • मुंबई जोन की त्रैमासिक बैठक में सांसद ने रखे कई सुझाव

बैतूल। सांसद दुर्गादास उइके द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार हुेतु रखे गए कई प्रस्तावों पर रेलवे ने सहमती दी है। आज रेल जोन मुंबई के तहत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों की बैठक में बैतूल-हरदा-हरसूद सांसद दुर्गादास उईके द्वारा रखे गए विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। कोरोना महमारी के चलते डिजिटली आहूत इस बैठक में रेलवे जोन के अधिकारियों की ओर से सांसद दुर्गादास उइके को उनके कई प्रस्ताव मंजूर होने की जानकारी दी गई। सांसद श्री उइके द्वारा रखे गए प्रस्तावों के क्रम में आमला में लोको शेड की खाली पड़ी 42.30 एकड़ भूमि पर सौर उर्जा प्लांट लगाने का प्रस्ताव पूर्व में दिया गया था जिसके संबंध में रेलवे अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि उक्त प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजा गया हैं, जहां सोलर प्लांट की स्थापना हेतु रेलवे एनर्जी मैनेजमेंट कंपनी (आरईएमसीएल) द्वारा निविदा एवं बिजली क्रय अनुबंध की प्रक्रिया की जा रही है। आरईएमसीएल द्वारा 28 अगस्त को उक्त निविदाएं खोली जाएगी। इसी स्थान पर सांसद श्री उइके द्वारा रेल नीर प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया था जिसके प्रतिउत्तर में रेलवे द्वारा बताया गया कि वर्तमान में भोपाल एवं बूटीबोरी में स्थापित रेल नीर प्लांट से आवश्यकता की पूर्ती हो जाती है लेकिन फिर भी रेलवे द्वारा भविष्य के परिदृश्य में आवश्यकता होने पर विचार करने किया जाएगा। इसी प्रकार सांसद श्री उइके ने बैतूल स्टेशन के रामनगर छोर की लगभग 30 हजार की आबादी को सुविधा देने के लिए रामनगर छोर पर ऑटोमेटिक टिकिट वेंडिंग मशीन (एटीव्हीएम) लगाने का प्रस्ताव दिया था जिस पर रेलवे द्वारा सहमती दी गई है। उन्होने बैतूल रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम को बैतूल शहर की घनी आबादी और सघन यातायात का हवाला देते हुए मरामझिरी शिफ्ट करने की मांग भी की थी जिस पर रेलवे ने अध्ययन कर विचार करने का आश्वासन दिया है। सांसद द्वारा रखे गए प्रस्ताव बैतूल,मुलताई,आमला,घोड़ाडोंगरी में स्टेशन परिसर में पशुओं का प्रवेश रोकने हेतु केटल गार्ड (कैचर) लगाने का प्रस्ताव रखा गया था जिस पर रेलवे ने मंजूरी देते हुए उक्त सभी स्टेशनों के दोनो छोर पर केटल गार्ड (कैचर) लगाने का कार्य अक्टूबर तक पूर्ण कर लेने की टाईम लिमिट भी तय की है। इसी प्रकार आमला रेलवे कॉलोनी के पार्क का रखरखाव करने या नगरपालिका के हेंडओवर करने के प्रस्ताव पर रेलवे ने लॉकडाउन की परिस्थितियों के कारण पिछले कुछ समय से रखरखाव ना होने के बारे में जानकारी देते हुए शीघ्र ही इस पर ध्यान देने का आश्वन दिया है।
कई ट्रेनों के स्टॉपेज की भी रखी मांग
रेलवे जोन के अधिकारियों के साथ आयोजित सांसदों की त्रेमासिक बैठक में सांसद दुर्गादास उइके द्वारा अपने क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कई यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग भी रेलवे के समक्ष रखी गई। प्रमुख रूप से अमरावती-मुंबई एक्सप्रेस को बैतूल-आमला स्टेशन से चलाने, आमला स्टेशन पर सिंकदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस एवं संघमित्रा एक्सप्रेस के स्टॉपेज, घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस एवं जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस (ग्रुप) सहित अन्य ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी गई है। पूर्व की बैठकों में ट्रेन स्टॉपेज की रखी गई मांगों पर रेलवे द्वारा अपेक्षित राजस्व ना मिलने के संबंध में दिए गए प्रतिउत्तर पर सांसद श्री उइके ने कहा पुन: प्रस्ताव रखते हुए कहा कि मेरी राय है कि दिए गए प्रस्तावों पर पहले कुछ समय के लिए ही सही प्रायोगिक रूप से कार्यवाही की जानी चाहिए और तत्पश्चात अगर राजस्व प्राप्त ना हो तो फिर विचार किया जाना चाहिए। इस पर रेलवे द्वारा अवगत कराया गया कि आपके प्रस्ताव पर पूर्व में मुलताई स्टेशन पर नागपुर-रीवा एक्सप्रेस का ठहराव दिया गया है, वर्तमान में केवल विशेष ट्रेनें ही चलाई जा रही है। वर्तमान में रेलवे में यात्री ट्रेनों की गति बढ़ाने, संरक्षा में वृद्धि करने और संसाधनों के रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए विशाल स्तर पर जीरो बेस्ड टाइमटेबल का कार्य चल रहा है। यह पूर्ण होने के बाद नई ट्रेनों संचालन या ठहराव के बारे में विचार किया जाएगा।
फ्लॉयओवर के प्रस्तावों भी रखे
पेंशनर एसोसिएशन कार्यालय यथावत रखने का प्रस्ताव भी रखा
सांसद श्री उइके द्वारा बैठक में मुलताई में मुलताई-खेड़लीबाजार मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर, घोड़ाडोंगरी में घोड़ाडोंगरी-सारणी मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाने के प्रस्ताव भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखे जिस पर बताया गया कि उक्त दोनों स्थानों पर राज्य सरकार के साथ साझा लागते के आधार पर आरओबी बनाने के कार्य प्रस्तावित हैं। राज्य सरकार से सांझा लागत की सहमति प्राप्त होने पर निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके अलावा श्री उइके ने आमला-बोरदेही मार्ग पर आमला रेलवे कॉलोनी में रेलवे की सीमा में आने वाले हिस्से के निर्माण की एनओसी देने, आमला-रमली मार्ग पर बेल नदी पर स्थित रेलवे स्टॉपडेम पर चौड़े एवं उच्च क्षमता का पुल निर्माण करने, आमला स्टेशन से गुजरने वाले ट्रेनों के लिए आमला स्टेशन पर रनिंग स्टॉफ (क्रू) चेजिंग सुविधा दिए जाने, आमला लोको शेड की अनुपयोगी जमीन पर रेलवे स्लीपर निर्माण की यूनिट लगाने, और आमाल पेंशनर एसोसिएशन के कार्यालय को यथावत रखे जाने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखे।

केंटीन-पार्किंग ठेकेदारों को एक्सटेंशन देने की मांग पर रेलवे ने जताई सहमती
बैठक के दौरान सांसद दुर्गादास उइके ने लॉकडाउन की मार झेल रहे रेलवे के कैंटीन और पार्किंग ठेकेदारों के हितों की भी चिंता की। उन्होने कहा कि लॉकडाउन के कारण बैतूल-आमला-घोड़ाडोंगरी सहित अन्य स्टेशनों के केंटीन और पार्किंग संचालकों का कारोबार पूरी तरह से ठप है जबकि वे रेलवे का पूरे वर्ष की राशि का भुगतान कर चुके हैं। अत: इनके कारोबार बंद रहने की अवधी के आधार पर उतने ही समय का इन्हें एक्स्टेंशन दिया जाए। इस पर रेलवे अधिकारियों ने सहमती व्यक्त करते हुए रेलवे बोर्ड फोर्स मेजर क्लॉज का पत्र रेलवे मंडलों को भेजने का आश्वसन दिया है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री सहित कई सांसद हुए शामिल
  आज गुरूवार दोपहर आयोजित इस बैठक में समिति के अध्यक्ष-सांसद डॉ. विकास महात्मे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री, बैतूल सांसल दुर्गादास उइके, वर्धा सांसद रामदास ताड़स, रामटेक सांसद कृपाल बालाजी टुमाने, चंद्रपुर सांसद सुरेश धानोरकर, अमरावती सांसद नवनीत रवि राणा सहित सेंट्रल रेलवे मुंबई के महाप्रबंधक संजीव मित्तल, प्रिसिंपल चीफ ऑपरेशन मैनेजर डीके सिंह, प्रिसिंपल चीफ कमर्शियल मैनेजर मंजीत सिंह, प्रिसिंपल चीफ इंजिनियर अश्वनी सक्सेना, सीएओ (कंस्ट्रक्शन) मनोज शर्मा एवं नागपुर डीआरएम सोमेश कुमार आदि शामिल रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours