- मंत्रियों, अधिकारियों की मीटिंग में बोले, हितग्राही मूलक योजनाओं में चुनाव के दौरान न आए शिथिलता
भोपाल। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों, विभागों के अपर मुख्य सचिवों से कहा है कि मध्यप्रदेश के आगामी विजन और मिशन पर समर्पण के साथ काम करना है। आचार संहिता में गरीब कल्याण और हितग्राही मूलक योजनाएं शिथिल न हों, अनवरत जारी रहें, इसके लिए अधिकारियों को विशेष ध्यान रखकर काम करना है। मंत्रालय में कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रियों, सभी विभागों के प्रमुख सचिव ,अधिकारियों के साथ बैठक में सीएम चौहान ने कहा कि कोविड जैसे संकट में जिस तरह से अफसरों और अन्य ने लगन और निष्ठा से काम किया है, उसके लिए वे टीम मध्य प्रदेश का आभार व्यक्त करते हैं। सीएम चौहान ने पौने चार साल की उपलब्धियों पर मंत्रियों और अधिकारियों की मेहनत और तत्परता को लेकर धन्यवाद देकर बधाई दी। उन्होंने मंत्रियों, सीएस एवं समस्त पीएस का विशेष रूप से आभार व्य़क्त किया। बैठक में पौने चार साल में शुरू की योजनाओं एवं उपलब्धियों के बारे में चर्चा की गई। सीएम ने लाड़ली बहना योजना सहित जन कल्याणकारी योजनाओं के सफलतम क्रियान्वयन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही केन्द्र सरकार की योजनाओं में मध्यप्रदेश के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए वित्त विभाग एवं पूरी टीम को भी बधाई दी। अन्य सभी विभागों के भी कार्यों की प्रशंसा की।
+ There are no comments
Add yours