अर्हकारी परीक्षा के आधार पर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की उपलब्ध सीटों पर प्रवेश हेतु संस्था स्तर पर काउंसलिंग 11 एवं 16 अक्टूबर को

Estimated read time 1 min read

बैतूल। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में संचालित किए जा रहे विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कम्प्यूटर साइंस एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखा की रिक्त सीटों में प्रवेश हेतु प्रथम संस्था स्तर पर काउंसलिंग 11 अक्टूबर एवं द्वितीय संस्था स्तर पर काउंसलिंग 16 अक्टूबर को आयोजित होगी।
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरूण सिंह भदौरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्हकारी परीक्षा (कक्षा दसवीं में गणित विज्ञान के साथ) के आधार पर प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी काउंसलिंग की नियत तिथि 11 अक्टूबर एवं 16 अक्टूबर को प्रात: 10.30 बजे आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों (रजिस्ट्रेशन स्लिप, कक्षा दसवीं की अंकसूची, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र इत्यादि) के साथ उक्त दस्तावेजों की छायाप्रति एवं फीस के साथ स्वयं काउंसलिंग में सम्मिलित होकर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
ब्रांच रिक्त सीटों की विस्तृत जानकारी तकनीकी शिक्षा विभाग की अधिकृत वेबसाइट www.dte.mponline.gov.in पर उपलब्ध रहेगी। सोमवार 11 अक्टूबर की सीएलसी काउंसलिंग हेतु अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन www.dte.mponline.gov.in से 09 अक्टूबर 2021 तक एवं 16 अक्टूबर की सीएलसी काउंसलिंग हेतु अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन www.dte.mponline.gov.in से 11 से 14 अक्टूबर 2021 तक कराकर उक्त तिथियों में संस्था में प्रात: 10.30 बजे उपस्थित हो सकते हैं। शिक्षण शुल्क उसी समय जमा करने पर ही प्रवेश दिया जाना संभव होगा, अन्यथा मैरिट सूची के अगले अभ्यर्थी को प्रवेश का अवसर दे दिया जाएगा। प्रथम संस्था स्तर काउसंलिंग 11 अक्टूबर को आयोजित होगी तथा इसके उपरांत शेष रिक्त सीटों के लिए द्वितीय संस्था स्तर काउसंलिंग 16 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। उक्त काउंसलिंग प्रक्रिया में सम्मिलित होने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की अधिकृत वेबसाइट www.dte.mponline.gov.in द्वारा निर्धारित तिथियों में रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य रहेगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours