अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव, खुद ट्वीट कर बताया- तबीयत ठीक है पर डॉक्टरों के कहने पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं; देश में 17.56 लाख केस

Estimated read time 1 min read
  • लगातार तीसरे दिन 54,000 से ज्यादा संक्रमित बढ़े, रिकॉर्ड 51,232 मरीज ठीक हुए, 852 की मौत
  • देश में अब तक 37,403 लोग जान गंवा चुके, सबसे ज्यादा 15,316 मौतें महाराष्ट्र में
  • शनिवार को सबसे ज्यादा 9,601 केस महाराष्ट्र में और इसके बाद 9,276 केस आंध्र प्रदेश में आए

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संक्रमित होने की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी।

कोरोना के हालात की निगरानी कर रहे हैं शाह
कोरोना के हालत पर शाह लगातार निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों दिल्ली में जब मामले तेजी से बढ़ने लगे तब भी उन्होंने कई दौर की बैठकें कीं और इस पर ठोस रणनीति तैयार की। इससे हालात काबू में आए। लॉकडाउन और अनलॉक गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही है।

कल शिवराज की अस्पताल से छुट्‌टी हो सकती है

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान में अब संक्रमण के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। उनका टेस्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट निगेटिव आई तो उनकी कल अस्पताल से छुट‌्टी हो सकती है। उन्होंने खुद ट्वीट करके यह जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने शाह के जल्द ठीक होने की कामना की है।

इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 56 हजार 220 हो गई है। शनिवार को 54 हजार 865 केस आए, तो 51 हजार 232 मरीज ठीक भी हो गए। 852 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में सिर्फ 2889 की बढ़ोतरी हुई। बीते एक महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक्टिव केस इतने कम बढ़े। इससे पहले 2 जुलाई को 1570 एक्टिव केस बढ़े थे। संक्रमितों का आंकड़ा लगातार 3 दिन से 54 हजार से ज्यादा बढ़ रहा है।

क्रिटिकल केस में भारत दूसरे नंबर पर

इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 56 हजार 220 हो गई है। 5.70 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। यानी इनका इलाज चल रहा है। इनमें से करीब 9 हजार की हालत गंभीर है। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। 18,720 क्रिटिकल केस के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 8,318 क्रिटिकल केस के साथ ब्राजील तीसरे नंबर पर है।

हालांकि, सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इन 3 देशों के इन आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो भारत में सबसे ज्यादा 1.57% मरीजों की हालत गंभीर है। आसान भाषा में समझें तो भारत में अभी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें से हर 200 संक्रमितों में से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका में 200 मरीजों पर लगभग 2 मरीज और ब्राजील में 1 संक्रमित की हालत नाजुक है। बीते 3 दिन में 1 लाख 67 हजार 101 केस आए, 1 लाख 25 हजार 211 मरीज ठीक हुए, 2 हजार 402 लोगों की मौत हुई।

उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री की कोरोना से मौत

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी की रविवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। 18 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तब से ही लखनऊ पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। वे घाटमपुर, कानपुर नगर से विधायक थीं। इससे पहले वे 2 बार सांसद भी रही थीं। उनकी मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया है।
5 राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश: राज्य में 24 घंटे में 808 संक्रमित बढ़े। यह लगातार चौथा दिन था जब 800 से ज्यादा केस आए। सबसे ज्यादा भोपाल में 168 मरीजों की कोराेना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद जबलपुर में 125 और इंदौर में 120 नए केस मिले। राज्य में अब तक 32,614 केस आ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश: राज्य में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 3,807 नए मामले सामने आए हैं। 47 लोगों की मौत हुई और 2471 मरीज ठीक हो गए। राज्य में अब तक 89,048 केस आ चुके हैं। 1,677 लोगों की मौत हो चुकी है, 36,037 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 51,354 लोग ठीक हो चुके हैं।

राजस्थान: राज्य में रविवार को 561 संक्रमित मिले। इनमें से सबसे ज्यादा 100 मरीज कोटा में मिले। इसके बाद जयपुर-बीकानेर में 77-77, पाली में 58 केस बढ़े, बाड़मेर में 49, जबकि सीकर में 43 केस बढ़े। इसके साथ ही 42 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हुई और 9 की मौत हुई।

महाराष्ट्र: बीते 24 घंटे में राज्य में 9,601 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब तक 4.31 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 2.66 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.49 लाख का इलाज चल रहा है। 15,316 लोगों की मौत हो चुकी है। पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने आरोप लगाया है कि शहर में संदिग्ध रूप से कोविड-19 से हुई कम से कम 400 मौतों का कोई हिसाब-किताब नहीं है। ये मौतें ससून जनरल अस्पताल और शहर के निजी अस्पतालों में हुईं हैं।

बिहार: बिहार स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि अब हर जिले में एक टोल फ्री नंबर होगा, जिसमें 10 हंटिंग लाइन होंगी। इन पर डॉक्टर और टेलीफोन ऑपरेटर 24 घंटे उपलब्ध होंगे। इनसे सेहत से जुड़ी सलाह ली जा सकती है। राज्य में बीते 24 घंटे में 3,521 नए केस मिले। यहां अब तक 54,508 केस आ चुके हैं। इनमें से 35,473 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 312 मरीजों की मौत हो चुकी है। 18,722 मरीजों का इलाज चल रहा है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours