बैतूल। बीवी की बेवफाई से दुखी पति की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का आरोप है। पुलिस गिरफ्त में आई पत्नी ने कहा – मुझे फंसाया जा रहा है। 7 सालों में उसने मेरे साथ इतना कुछ किया कि अब उसके लिए मेरे दिल में कोई फीलिंग नहीं है। उसे तो पता था कि मैं भागने वाली हूं।
पुलिस चौकी पाथाखेड़ा के प्रभारी अधिकारी राहुल रघुवंशी के मुताबिक मृतक 32 साल का दीपक पिता राधेश्याम दास निवासी टट्टा काॅलोनी था। उसने पत्नी शिवानी और उसके प्रेमी शुभम महेरा पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कालीमाई सतपुड़ा तौल कांटा के पीछे जंगल में फांसी लगा ली थी। मामले में 22 साल के शुभम महेरा पिता रामदास महेरा निवासी सतनारा गांव सिहोर और 23 साल की दीपक की पत्नी शिवानी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को बुधवार को बैतूल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पत्नी बोली – अपनी मर्जी से गई थी, ताकि आगे की जिंदगी गुजार सके
दीपक ने अपने मरने से पहले लाइव कर जिस पत्नी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था, उसने गिरफ्तारी के बाद खुद को बेगुनाह बताया है। शिवानी ने कहा कि मुझे इस मामले में बिना वजह फंसाया जा रहा है। 7 सालों में मुझे उसने बहुत टॉर्चर किया। परेशान होने के बाद उसने गलत कदम उठाया। वह शुभम के साथ अपनी मर्जी से गई थी, ताकि आगे की जिंदगी अच्छे से गुजार सके।
शिवानी के मुताबिक दीपक और ससुराल वालों को भी पता था कि वह शुभम के साथ भागने वाली है। शिवानी ने बताया है कि उसने फोन कर बता दिया था कि वह कहां जा रही है। शिवानी ने यह भी बताया कि उसके पति ने उससे रुपयों की मांग की थी। उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उसने कहा कि वह दीपक से प्यार करती थी। लेकिन उन्होंने मेरे साथ जो किया, वह मेरे नजर और दिल से उतर गए। मेरे दिल में उनके लिए कोई फीलिंग नहीं।
उन्होंने फोन पर भी मुझसे पैसे मांगे थे। मेरे सारे जेवर बेच डाले। उसने यहां तक कहा था कि अगर वह सारणी आई तो मार कर फेंक देगा। मेरी नहीं होगी तो किसी और की नहीं होने दूंगा। जब तक मेरे घर वाले पैसा पहुंचाते थे, वह मुझसे ठीक रखता था। वे दहेज की मांग भी करते थे। रुपया मिलने पर मुझे अच्छे से रखा जाता था। शुभम से मैं 5 साल से संपर्क में थी। हां, पहले बात हुआ करती थी, बाकि कुछ नहीं था। जब मैं परेशान हो गई तो मैंने उनसे कहा – मुझे साथ लेकर चल रहे हो या फिर मैं कोई और कदम उठाऊं। मेरे कहने पर वे मुझे अपने साथ लेकर गए थे। शिवानी ने इस मामले में इंसाफ की मांग की है।
सोशल मीडिया लाइव पर दोस्तों से कही थी अपनी दिल की बात
मृतक दीपक दास के दोस्त जगदीश सूर्यवंशी ने बताया कि दीपक फांसी लगाने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आया था। उसने वीडियाे काॅल में कहा – मेरी पत्नी ने मुझे धाेखा दिया, उसने किसी और से शादी कर ली। पहले उसने कहा- मैंने मंदिर में शादी की है। बाद में कहा – काेर्ट मैरिज की है। शादी करने के बाद मेरी उससे बात हुई।
मैं चाहता हूं, वह खुश रहे। लेकिन उसने मुझे जो इतना बड़ा धोखा दिया है, उसे बर्दाश्त नहीं कर पाऊंगा। इसलिए मैं जान देने जा रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसका आशिक है। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, इसलिए अब जीना नहीं चाहता हूं। मेरी मरने के बाद आप सब इतनी मदद कर देना कि मेरे बच्चों का ख्याल रखना। मुझे मरने का कोई शौक नहीं है, लेकिन फिर भी अब मैं जीना नहीं चाहता।
मेरी मौत के बाद मेरी पत्नी को जेल हो, वह कभी नहीं छूटे। उन्होंने मेरी जिंदगी तो तबाह की ही, मेरे दो छोटे बच्चों को भी जीते-जी मार डाला। मेरे मरने के बाद उन्हें जेल नहीं हुई तो मेरी आत्मा काे शांति नहीं मिलेगी। मेरी बहनों से यही रिक्वेस्ट है कि जब तक दोनों जेल नहीं जाएं, मेरी अर्थी नहीं उठाएं। यदि मुझे उन्हें सजा देने के पहले जला दिया तो मैं उन्हें मरने के बाद भी सताऊंगा। वो दोनों उज्जैन में हैं… वो मेरी जिंदगी तबाह करके बहुत खुश हैं। दोस्तों मुझे इंसाफ दिलवाना।
यह था मामला
कालीमाई निवासी दीपक दास 32 ने 12 दिसंबर को कालीमाई के जंगल में पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। युवक की पत्नी करीब 20 दिन पहले उसे छोड़कर ट्रक क्लीनर के साथ चली गई थी। जिसके कारण वह डिप्रेशन में था। डिप्रेशन में आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पेशे से ड्रायवर दीपक ने फांसी लगाने के पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर सभी दोस्तों से कहा कि मेरी पत्नी ने मुझे धोखा दिया है। इतना बड़ा धोखा मिलने के बाद में जीना नहीं चाहता। मैं मरने जा रहा हूं, मेरी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है। मेरे दो बच्चे हैं, उनका ख्याल रखना। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसका आशिक है।
+ There are no comments
Add yours