कोरोना संक्रमित और रासुका का आरोपी जावेद मदनपुर चेक पोस्ट से गिरफ्तार, जबलपुर में शिफ्टिंग के दौरान अस्पताल से भागा था

Estimated read time 1 min read
  • आरोपी ने साथियों के साथ चंदन नगर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हमला किया था, इसी मामले में उसे जबलपुर जेल भेजा गया था
  • फरार आरोपी पर इंदौर डीआईजी ने 50 हजार और जबलपुर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था

इंदौर. जबलपुर अस्पताल से 19 अप्रैल को शिफ्टिंग के दौरान भागे रासुका के आरोपी जावेद को पुलिस ने नरसिंहपुर जिला स्थित मदनपुर चेक पोस्ट ने सोमवार सुबह पकड़ लिया। आरोपी सुबह करीब 6.30 बजे बाइक चोरी कर यहां से भाग रहा था। आरोपी को चंदन नगर में पुलिस पर हमला करने के मामले में जबलपुर जेल भेजा गया था। उसके यहां से भागने पर डीआईजी ने 50 हजार और जबलपुर पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी।

जानकारी अनुसार आरोपी जावेद जबलपुर से एक ट्रक में बैठकर नरसिंहपुर पहुंचा था। इसके बाद वह पैदल मदनपुर चेक पोस्ट पहुंचा। यहां से वह बाइक चोरी कर भागने का प्रयास कर रहा था तभी चेक पोस्ट पर तैनात दल ने उसे पकड़ लिया। रविवार को आरोपी को मेडिकल काॅलेज के आइसोलेशन वार्ड से अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान वह मेडिकल स्टाफ और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।

इंदौर के चंदन नगर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर जावेद और उसके तीन साथियों ने हमला कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के आदेश के बाद चारों पर रासुका की कार्रवाई की गई थी। बाद में चारों को गिरफ्तार कर यहां से जबलपुर जेल भेजा गया। वहां कलेक्टर के आदेश पर चारों को अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराके कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए थे। इसमें जावेद की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। बाकी के तीन आरोपियों को सेंट्रल जेल के अलग बैरक में रखा गया है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours