बैतूल। पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश आज सुबह 6 बजे के करीब रूकने के बाद लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली। इस दौरान भोपाल से नागपुर जाने वाला नेशनल हाइवे शुक्रवार रात 10 बजे से पूरे 12 घंटे तक जाम रहा। इस दौरान लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों वाहन सड़क की दोनों ओर फंसे रहे। तीन जगहों पर पुल से पानी उतरने के बाद आज सुबह 10 बजे आवागमन शुरू हो पाया। वही भौंरा चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव के मुताबिक रात्रि 10 बजे से सूखी नदी पर पुल के ऊपर से पानी गुजरने के चलते यातायात सड़क के दोनों ओर रोक दिया गया था, जिसे सुबह 4 बजे बहाल किया गया और सुबह 10 बजे तक यातायात रूक-रूककर बहाल किया जाता रहा, वहीं शाहपुर स्थित माचना नदी भी पूरे उफान पर बह रही है। शाहपुर में पुल की ऊंचाई कम होने के कारण नदी और पुल के बीच मात्र 2 फीट का अंतर बाकि रह गया है। यदि एक बार फिर लंबे समय तक तेज बारिश होती है, तो शाहपुर में भी माचना नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने लगेगा। नदी-नाले उफान पर होने का सीधा असर ग्रामीण इलाकों पर दिखाई दिया। नदी नालों पर बने रपटे पानी मे डूब जाने की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया। बैतूल शहर की बात करे तो निचले इलाकों में पानी न भराने से कई इलाके सुरक्षित रहें। हालांकि पाढर क्षेत्र के ग्राम पलास पानी में दो घरों की दीवार गिरने से एक महिला और एक पुरुष मामूली रूप से घायल हुए। नगर पालिका का एनीकेट भी ओवर फ्लो बह रहा है। जिसका पानी माचना नदी में बहाया जा रहा है। सबसे ज्यादा असर हाइवे और हाल ही में हुए सरकारी निर्माण पर देखने को मिला। बताया जा रहा है कि घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के ग्राम कान्हावाड़ी ग्राम पंचायत 5 स्टॉप डैम फूट गए।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बारह घंटे बंद रहा राष्ट्रीय राजमार्ग 69, सुबह दस बजे आवागमन शुरू
+ There are no comments
Add yours