- बैतूल में चार-पांच दिन बाद पानी मिलने का आरोप, नगर पालिका को दी आंदोलन की चेतावनी

बैतूल। बैतूल में गहराते पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लल्ली चौक से नगर पालिका कार्यालय तक रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने नगर पालिका प्रशासन पर अव्यवस्थित पेयजल आपूर्ति का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। उन्होंने सीएमओ कार्यालय के सामने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया और सीएमओ नवनीत पांडे को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एक खाली मटका भी भेंट किया गया। प्रदर्शन में लगभग एक सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस पदाधिकारी और पार्षद शामिल रहे। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दिवान, पार्षद नफीस खान, बब्बा राठौर, समीर खान, हर्षवर्धन धोटे सहित अन्य पदाधिकारी और महिला कांग्रेस की शहर जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं।
चार से पांच दिन के अंतराल से पानी मिल रहा ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद द्वारा नलजल योजनाओं, लाखापुर डैम योजना, अमृत-2 योजना और ताप्ती बैराज जैसी परियोजनाओं पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद शहरवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कई वार्डों में चार से पांच दिन के अंतराल से पानी मिल रहा है, जबकि कुछ इलाकों में सात से आठ दिन बाद पानी पहुंच रहा है। इससे भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि लाखापुर डैम और ताप्ती बैराज से नियमित जलापूर्ति के दावे किए गए थे, लेकिन इन योजनाओं का अपेक्षित लाभ आज तक नहीं मिल पाया है। कांग्रेस ने पाइप लाइनों में खराबी, क्षतिग्रस्त संरचनाओं और खाली पेयजल टंकियों को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।
चेतावनी- समाधान नहीं तो उग्र आंदोलन होगा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शहर की पेयजल समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं नगरपालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शहर में एक दिन के अंतराल से भरपूर पानी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले इंटेकवेल पर लगी तीन मोटरों में से दो मोटर खराब हो गई थीं, जिसके कारण कुछ क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित हुई। मोटरों की मरम्मत हो गई है और एक-दो दिन में जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।
+ There are no comments
Add yours