ऑटो एम्बुलेंस योजना के कार्यक्रम में जीवन रक्षक सम्मान से नवाजा
बैतूल। दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल शिक्षकों को अपना 12वीं के प्रश्रपत्र की चिंता न करते हुए अदम्य साहस का परिचय देकर जिला अस्पताल पहुंचाने वाले छात्र पुनीत पांडे को बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के ऑटो एम्बुलेंस योजना प्रकल्प ने जीवन रक्षक सम्मान-2020 से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा कोषाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल, विशेष अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष एवं संस्था के संरक्षक आदित्य बबला शुक्ला, कांगे्रस प्रवक्ता एवं संस्था संरक्षक हेमंत पगारिया, ट्रेफिक इंचार्ज गजेन्द्र कैन, बीईओ भीमपुर एमडी अग्रवाल, एमएलबी स्कूल के शिक्षक श्री पाटनकर प्रमुख रुप से मौजूद थे। सभी अतिथियों ने छात्र को जीवन रक्षक सम्मान देकर सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री खण्डेलवाल ने बताया कि पुनीत के पुनीत कार्य पर पूरे जिले को गर्व है। उसने अपने भविष्य को दांव पर लगाकर शिक्षकों की जान बचाई है। ऐसे साहसी छात्र का सम्मान और प्रोत्साहन जरुरी है। उन्होंने बताया कि वे जिले के मेधावी, साहसी एवं प्रतिभाशाली बच्चों की मदद करते रहे है। कक्षा दसवी में पूरे प्रदेश में अव्वल आने वाली छात्रा पूनम घोरे की शिक्षा का पूरा खर्च वे उठा रहे है। अब पुनीत को भी आगे की शिक्षा और रोजगार की चिंता करने की जरुरत नहीं है। वे हमेशा पुनीत की मदद के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शुक्ला ने कहा कि पुनीत ने अपनी परीक्षा को भूलकर घायल शिक्षकों की मदद की है उसके साहस की जितनी प्रशंसा की जाये वह कम है। उन्होंने बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के सैनिकों के साथ सरहदों पर रक्षा बंधन मनाने की परम्परा और घायलों की मदद के लिए संचालित की जा रही ऑटो एम्बुलेंस योजना की मुक्त कंठ से सराहना की। संरक्षक हेमंत पगारिया ने ने भी पुनीत के साहस को सराहा एवं संस्था द्वारा 20 वर्षों से जिले में किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी गजेन्द्र केन ने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने, यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए पुनीत की हिम्मत को सराहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी उन्होंने हादसे में घायल लोगों की गोल्डन अवर में मदद करने के लिए कहा। बीईओ एमडी डहरवाल ने छात्र द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि पुनीत ने शिक्षा विभाग को गौरवान्वित कर दिया है। जिस क्षेत्र में हादसा हुआ वहां न तो नेटवर्क है और न ही सुविधाएं ऐसे में पुनीत ने जिस तरह से घायलों की मदद का कदम उठाया वह उसकी वीरता को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अलावा समाजसेवी धीरज बोथरा प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
भाजपा ने दिया पांच हजार का नगद पुरुस्कार
पुनीत को ऑटो एम्बुलेंस योजना की ओर से मंचासीन अतिथियों द्वारा शॉल श्रीफल एवं जीवन रक्षक सम्मान-2020 से नवाजा। वही भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, जिला अध्यक्ष बबला आदित्य शुक्ला, मंडल अध्यक्ष गंज विकास मिश्रा, मंडल अध्यक्ष कोठीबाजार विक्रम वैध ने पांच हजार रुपए नगद पुरुस्कार देकर सम्मानित किया। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि यह सम्मान वह विजय भवन में करना चाहते थे लेकिन सामाजिक संस्था के बैनर तले सम्मान करने से अन्य लोग भी आयोजन से जुड़े। बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति की यह सराहनीय पहल है। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि वे प्रदेश स्तर पर अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री से भी पुनीत के अर्थशास्त्र के पेपर में बोनस अंक दिए जाने के लिए चर्चा करेंगे।
इस अवसर पर ऑटो एम्बुलेंस योजना ने एक हजार रुपए नगद राशि एवं महिला कुन्बी समाज ने भी नगद राशि देकर पुनीत को सम्मानित किया। जीवन रक्षक सम्मान के रुप में दिए गए अभिनंदन पत्र का वाचन संस्था की सदस्य नीलम वागदे्र ने किया। अतिथियों का अभिनंदन संस्था अध्यक्ष गौरी पदम, सचिव भारत पदम, कोषाध्यक्ष जमुना पंडागे्र, उपाध्यक्ष भारती झरबड़े, सह सचिव ईश्वर सोनी, सदस्य रजत यादव ने तथा संचालन शिक्षक एवं जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषी हीरेन्द्र शुक्ला ने किया आभार संस्था अध्यक्ष गौरी पदम ने व्यक्त किया।
+ There are no comments
Add yours