खेड़ली में कोरोना महामारी से बचाव में समूह की महिलाएं दे रहीं अपना योगदान

Estimated read time 1 min read
  • स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने गांव में लगाया जनता कर्फ्यू

बैतूल। जिले में कोरोना महामारी के फैलने से रोकने के लिए वृहद स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके लिए शासन द्वारा जनता कर्फ्यू भी प्रत्येक जगह लगाया गया है। इसी कड़ी में आजीविका मिशन के माध्यम से ग्राम पंचायत खेड़ली में गठित महिलाओं के स्व सहायता समूहों के ग्राम संगठन ने भी एक अभिनव पहल की है। ग्राम संगठन की सदस्यों ने आपस में चर्चा कर यह निर्णय लिया कि अगर अपने ग्राम में कोरोना महामारी के प्रसार को रोकना है एवं ग्राम वासियों को सुरक्षित रखना तो हमें भी कोरोना कर्फ्यू लगाना पड़ेगा। जिसके बाद महिला आजीविका ग्राम संगठन, खेडली की महिला सदस्यों ने कोविड-19 बचाव दल के सहयोग से ग्राम में जनता कर्फ्यू लगा दिया है। बिना कारण किसी को घर से बाहर निकलने एवं घूमने हेतु प्रतिबंधित किया है। बिना मास्क के निकलने पर चालानी कार्यवाही की हिदायत दे रही हैं। ग्राम संगठन की महिलाओं द्वारा ग्राम में महामारी न फैले इसके बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग करने एवं वैक्सीन लगाने के लाभ के बारे में जानकारी देकर गांव के लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को इसमें सहयोग करने हेतु महिलाओं द्वारा अपील की जा रही है। ग्राम संगठन की अध्यक्ष  वीना बेले ने बताया कि हमें आजीविका मिशन के माध्यम से कोरोना की रोकथाम हेतु पूर्व में ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदाय किया गया था। जो कि हमारे लिए काफी फायदेमंद रहा। इस तरह जिले में आजीविका मिशन के अन्तर्गत महिला स्व सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम 569 ग्रामों में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours