कलेक्टर ने कोसमी क्षेत्र का भ्रमण कर औद्योगिक विकास की संभावनाएं तलाशीं

Estimated read time 1 min read

बैतूल। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र कोसमी का दौरा कर यहां औद्योगिक विकास की संभावनाएं तलाशीं। भ्रमण के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र में नवीन उद्यमों की स्थापना पर युवा उद्यमियों से चर्चा की। इस दौरान जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने एचएमटी फैक्ट्री की जमीन पर भविष्य में फ्लेटेड इंडस्ट्रियल स्टेट विकसित करने का सुझाव दिया। इस दौरान जिला उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री रोहित डाबर, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री ब्रज आशीष पांडे सहित उद्योगपति मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री बैंस से चर्चा के दौरान उद्योगपतियों द्वारा सुझाव दिया गया कि एचएमटी फैक्ट्री की जमीन पर फ्लेटेड इंडस्ट्रियल स्टेट बनाया जा सकता है। इसमें यहां करीब 200 यूनिट स्थापित की जा सकती है। इसके साथ ही ग्राउंड फ्लोर पर सभी उद्योगों के आउटलेट या रिटेल काउंटर बनाए जा सकते हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्र में संचालित सभी इकाइयों के आउटलेट यहां शुरू किए जा सकते हैं। यह भी बताया गया कि यहां छोटी-छोटी इंडस्ट्रीज अधिक हैं, इसलिए उन्हें आउटलेट या रिटेल काउंटर की अधिक जरूरत है। यह बनाकर देने पर सभी उद्योगपति खरीदने के लिए भी तैयार है। फ्लेटेड इंडस्ट्रियल स्टेट में उद्योग शुरू करने के लिए इच्छुक उद्यमियों को बैंक से ऋण भी आसानी से मिल सकेगा। उद्योगपतियों द्वारा कलेक्टर के समक्ष औद्योगिक क्षेत्र में सडक़ व नाली निर्माण के अधूरे पड़े कार्यों को पूर्ण कराने की मांग भी रखी गई।
उल्लेखनीय है कि फ्लेटेड इंडस्ट्रियल स्टेट में अलग-अलग उद्योग न होकर फ्लेटनुमा भवन में छोटे-छोटे उद्योग होते हैं। बहुमंजिला भवन में कमरों में ऐसी इकाइयां संचालित होती हैं जिन्हें कम जगह लगती है और भारी बुनियादी ढांचे या मशीनरी की जरुरत नहीं पड़ती। इसमें प्रिंटिंग, रिफिल, पेन, प्लास्टिक के ढक्कन, बोतल, कप सहित छोटे-छोटे सामान बनाए जाते हैं। इन उद्योगों को केवल कवर्ड एरिया भर लगता है। जगह की कमी होने के कारण महानगरों में फ्लेटेड इंडस्ट्रियल स्टेट ही अधिक स्थापित हो रहे हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours