नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के 50-50 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लग गई है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान में 50 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कभी भी जारी हो सकती है। उधर छत्तीसगढ़ में पूर्व सीएम रमन सिंह का राजनांदगांव से तो बसना से संपत अग्रवाल का नाम लगभग तय है। देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की तीसरी बैठक 1 अक्टूबर को दिल्ली मुख्यालय में हुई। मीटिंग रात 9 बजे से शुरु होकर देर रात 11:45 पर खत्म हुई। इस बैठक में पीएम मोदी, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह समेत पार्टी के सीनियर नेता शामिल हुए। बैठक में मध्य प्रदेश की 151, छत्तीसगढ़ की 69 और राजस्थान की सभी 200 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। पार्टी मध्यप्रदेश की 230 सीटों में 79 और छत्तीसगढ़ की 90 सीटों में से 21 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा पहले ही कर चुकी है।
छत्तीसगढ़ : उम्मीदवारों का बायोडाटा और क्षेत्र में पकड़ देखकर नाम तय किया
छत्तीसगढ़ में प्रत्याशियों को मैदान में उतारने में भाजपा कई तरह के प्रयोग कर रही है। नए चेहरों को शामिल किया जा रहा है। अभी लगभग 50 नामों पर मुहर लग चुकी है। इसमें राजनांदगांव से डा. रमन सिंह, धरसीवां से अनुज शर्मा और बसना से संपत अग्रवाल का नाम लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जब नाम तय किए जा रहे थे तो केंद्रीय नेताओं को प्रत्याशियों की तस्वीर दिखाई गई। उनका पूरा बायोडाटा दिखाया गया। उनकी छवि के बारे में जानकारी दी गई। समाज में उनका कितना असर है, इसके इस बारे में भी बताया गया।
राजस्थान : 50 सीटों के नाम ए, बी, सी और डी कैटेगरी के आधार पर छांटे गए
बैठक में बीजेपी की पहली लिस्ट पर चर्चा के बाद अंतिम मुहर लगी। बैठक में 50 प्रत्याशियों के नाम तय हो गए हैं। ये सूची अब कभी भी जारी हो सकती है। इसमें सांसदों को भी चुनाव लड़ाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजस्थान में 50 सीटों के नाम ए, बी, सी और डी कैटेगरी के आधार पर छांटे गए हैं। पहली लिस्ट में भाजपा ए और डी कैटेगरी की सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। ये वे सीटें हैं, जहां भाजपा सबसे मजबूत और सबसे कमजोर है। ए में 29 और डी कैटेगरी में 19 सीटें शामिल हैं।
मध्यप्रदेश के लिए उम्मीदवारों की तीन लिस्ट जारी हो चुकीं
मध्यप्रदेश की बात करें तो बीजेपी ने 17 अगस्त को मध्य प्रदेश के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें 39 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। 25 सितंबर को मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 39 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की थी।
तीसरी लिस्ट में केवल एक नाम था, जिसमें भाजपा ने MP की अमरवाड़ा सीट से मोनिका बट्टी को प्रत्याशी घोषित किया है। मोनिका 11 दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुई हैं। वे इससे पहले अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं। मोनिका पूर्व विधायक मनमोहन शाह बट्टी की बेटी हैं। इस तरह से पार्टी मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए 79 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर चुकी है।
5 राज्य जिनमें विधानसभा चुनाव होने हैं…
2023 के आखिर में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने हैं। मिजोरम में 17 दिसंबर को, छत्तीसगढ़ में 3 जनवरी, मध्य प्रदेश में 6 जनवरी, राजस्थान में 14 जनवरी और तेलंगाना में 16 जनवरी को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
+ There are no comments
Add yours