बोलबम समिति और प्रशासन ने किया सम्मान
घोड़ाडोंगरी। हर परिस्थिति में समाचारों एवं सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले योद्धा पत्रकारों का प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोड़ाडोंगरी में बोलबम समिति एवं प्रशासन द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घोड़ाडोंगरी ग्राम पंचायत में एक अनौपचारिक कार्यक्रम में जनपद सीइओ दानिश अहमद खान, चौकी प्रभारी रवि शाक्य, श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला महासचिव विशाल बत्रा, बोल बम समिति के संयोजक विकास अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक दीपक उइके द्वारा उपस्थित समस्त पत्रकारों को शॉल श्रीफल और डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए सीईओ दानिश अहमद खान ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में पत्रकारों की महती भूमिका है। समाज के कई क्षेत्र ऐसे हैं जो मुख्यधारा से आज भी दूर हैं पत्रकार जब उनकी आवाज उठाता है तो सबके साथ साथ प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित करता है ।पत्रकार एक तरह से वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने का काम करता है। चौकी प्रभारी रवि शाक्य ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के दौरान पत्रकारों द्वारा देश प्रदेश एवं जिला स्तर की पल-पल की जानकारी से आम जनता को अपडेट रखा गया है जिसके लिए सभी पत्रकार बधाई के पात्र हैं। श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला महासचिव विशाल बत्रा ने अपने संबोधन में वर्तमान परिदृश्य में पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियां की चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में खबरों में शाब्दिक मर्यादा का बहुत पतन हुआ है। पत्रकारों को चाहिए कि दुश्मन की भी खबर लिखें और खबर नेगेटिव हो तो भी खबर में शाब्दिक मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। ऐसा करने वाला पत्रकार सदैव कलम के पुजारी के रूप में सम्मान का पात्र होता है। बोलबम समिति के संयोजक विकास अग्रवाल ने कहा कि पत्रकार सदैव हमे जागरूक रखते हैं और पल-पल की जानकारी घर बैठे मुहैया कराते हैं। कार्यक्रम संयोजक दीपक उईके ने कहा कि पत्रकार जनता के लिए हर परिस्थिति में पत्रकारिता के माध्यम से लड़ाई लड़ने का काम करते हैं और बदले में हम उन्हें कुछ भी नहीं दे पाते इसलिए आज प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पत्रकारों के सम्मान का विचार मन में आया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार विनोद पातरिया,प्रितिवर्धन चतुर्वेदी, प्रवीण अग्रवाल,सचिन अग्रवाल,जतिन अरोरा,गोविंद नामदेव ,अनिल राठौर,
विशाल घोड़की,राकेश चंदेलकर, सिद्धार्थ बिहारे, चिन्टू जामठे आदि पत्रकारों का सम्मान किया गया। सभी पत्रकारों ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक दीपक उईके एवं आभार प्रदर्शन समिति के तोषण गावंडे द्वारा किया गया।
+ There are no comments
Add yours