- वर्चुअल बैठक में बोली प्रदेश उपाध्यक्ष
- कार्यकर्ताओं को कोरोना के साथ-साथ कांग्रेस के दुष्प्रचार से भी लड़ना होगा
बैतूल। कोरोना के खिलाफ लड़ाई अंतिम चरण पर है, हम सबको मिलकर 31 मई तक बैतूल जिले को कोरोना मुक्त करने के लिए हर संभव कार्य करना चाहिए। उक्त विचार भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व किल कोरोना व सेवा ही संगठन-2 की जिला संगठन प्रभारी श्रीमती सीमा सिंह ने रविवार को जिले के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से वर्चुअल बैठक में संवाद करते हुए व्यक्त किए। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ, सांसद दुर्गादास उईके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, विधायक डॉ योगेश पंडागरे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती सीमा सिंह ने कहा कि कोरोना की जंग में केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार लोगों की हर संभव मदद कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता पीड़ितों की सेवा कर रहे हैं, उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस केंद्र और राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है। कार्यकर्ताओं को कोरोना के साथ-साथ कांग्रेस के दुष्प्रचार से भी लड़ना होगा और सच्चाई जनता तक पहुंचानी होगी। जिले की संगठन प्रभारी सीमा सिंह ने जिले में सेवा ही संगठन के तहत चल रहे कार्यों पर संतोष जताया और 31 मई तक कोरोना मुक्त बनाने में पूरा योगदान देने को कहा।
लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करना होगा: बरुआ
नर्मदापुरम के संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ ने कहा कि जनता के सहयोग से प्रदेश की भाजपा सरकार कोरोना को नियंत्रित करने में सफल हुई है। प्रदेश में जहां पॉजिटिविटी दर कम हो रही है वहीं रिकवरी रेट बढ़ रहा है। श्री बरुआ ने वैक्सीनेशन की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल प्रमुख रूप से कांग्रेस इसे लेकर भ्रम फैला रही है, हमें इसे दूर कर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करना होगा। सांसद दुर्गादास उइके ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सेवा का भाव संगठन से मिला है जिसका परिणाम है कि इस लड़ाई में हम सब ने मिलकर जन सेवा कर लोगों की मदद की। उन्होंने कांग्रेस पर इस आपदा में भी राजनीति करने का आरोप लगाया। पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पिछले महीने में जिले में कोरोना के कारण जो खराब स्थिति थी वह अब प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनता के सहयोग से काफी सुधर गई है। श्री खंडेलवाल ने जिला कार्यालय में चल रहे कोविड सेंटर की जानकारी देते हुए बताया कि यहां निशुल्क इलाज के कारण जनता में अच्छा संदेश गया। विधायक डॉ योगेश पंडागरे ने कहा कि आपदा में हमारी सरकार जनता की मदद कर रही है, इसका प्रचार-प्रसार जनता तक पहुंचना चाहिए क्योंकि कांग्रेस तो दुष्प्रचार कर भाजपा और उसकी सरकार को बदनाम कर रही है, हमें सकारात्मक तरीके से जनता तक सरकार की उपलब्धि पहुंचानी चाहिए।
31 तक कोरोना मुक्त जिला होगा बैतूल
प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने किल कोरोना, सेवा ही संगठन-2 के तहत चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बूथों पर पार्टी की टोलिया सेवा कार्य में जुटी है। वैक्सीनेशन को लेकर भी जन जागरण किया जा रहा है। श्री शुक्ला ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार बैतूल जिला 31 मई तक कोरोना मुक्त जिला होगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सूरज लाल जावलकर, उपाध्यक्ष नरेश फाटे, कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष विनय भावसार सहित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, आईटी सेल के पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सदस्य सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संयोजन वीडियो कांफ्रेंसिंग प्रभारी अभिजर हुसैन द्वारा किया गया।
+ There are no comments
Add yours