बैतूल। बैतूल में आदिवासी युवक को नंगा कर छत से उल्टा लटकाने और बेल्ट-डंडे से पीटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। इधर, पुलिस और प्रशासन ने कुंड बकाजन गांव में एक आरोपी के घर पर जेसीबी चलाकर अतिक्रमण ढहा दिया। वहीं आरोपी रिंकेश के घर का कुछ हिस्सा ढहाया है। मामला दो महीने पहले की गई आदिवासी युवक की पिटाई से जुड़ा है। इसका वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। इसके बाद पीड़ित युवक ने थाने में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शोहराब को भोपाल, सुहैल कपूर को मुलताई और त्रिलोक मासोदकर को बैतूल से गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी रिंकेश चौहान को तलाश में पुलिस जुटी हैं।
आरोपी रिंकेश के घर पर चलाई जेसीबी
प्रशासन और पुलिस की टीम ने गुरुवार को भीमपुर इलाके में गांव कुंड बकाजन पहुंचकर फरार आरोपी रिंकेश चौहान के घर पर जेसीबी चलाकर कुछ हिस्सा ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार जी बी पाते भी मौजूद थे।
पीड़ित युवक ने बताई थी पूरी घटना
मैं ग्राम बांसपानी में रहता हूं। हलवाई का काम करता हूं। 15 नवंबर 2023 को दोपहर करीब 2 बजे घर पर था। तभी बाइक से रिंकेश चौहान आया। मेरी कुछ दिन पहले ही उससे दोस्ती हुई थी। कहने लगा- बैतूल चलना है। मैं बाइक पर उसके पीछे बैठ गया। मैंने दोस्त नितिन कुमरे को फोन कर साथ चलने के लिए कहा। वह हमें सोनाघाटी पर मिला। नितिन हमारे पीछे-पीछे चल रहा था। रिंकेश हमें चेंट उर्फ शोहराब के घर ले गया। घर के अंदर चेंट और 5-6 लड़के थे।
चेंट मुझे कहने लगा , ‘तू बहुत दादा बन रहा है। तू आठवां मिल में दुकान चलाता है, तुझे हफ्ता देना पड़ेगा।’ मैंने कहा- मेरी छोटी सी दुकान है, पैसे नहीं दे पाऊंगा। इतना सुनते ही वह गालियां देने लगा। चेंट और रिंकेश ने लड़कों के साथ मिलकर मेरे सारे कपड़े निकाल दिए। हाथ-पैर बांधकर छत से उल्टा लटका दिया। फावड़े के बेंत और बेल्ट से पीटा। एक लड़का मेरा वीडियो बना रहा था। करीब एक घंटे तक मारपीट की। फिर चेंट और रिंकेश ने मुझे नीचे उतारा। कहने लगे- धंधा करना है तो पैसा देना पड़ेगा।
आरोपियों ने कहा कि मारपीट की बात किसी को बताई तो जान से खत्म कर देंगे। मैं बहुत डर गया था। मारपीट के दौरान नितिन भी वहीं था, उसने सब कुछ देखा है। वे बदमाश लोग हैं, इसलिए तब थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। गांव में ही अपना इलाज करा लिया था।
पीड़ित बोला- हफ्ता वसूलते हैं बदमाश पीड़ित युवक ने बताया, ‘मेरे गांव और उसके आसपास कुछ लोग गो तस्करों की मदद करते हैं। वे गो तस्करी में लगे वाहनों को निकालने के एवज में हफ्ता वसूली करते हैं। रिंकेश भी उन्हीं में से एक है। इन लोगों को लगता था कि मैं भी गो तस्करों से वसूली का काम करता हूं। इसी वजह से मुझे बैतूल बुलवाकर मारपीट की।’
आदिवासी युवक को नंगा कर पीटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी के घर पर चलाई जेसीबी
+ There are no comments
Add yours