आईपीएल 2020 : रेगिस्तान में क्रिकेट की हरियाली – रंजीत सिंह

सारनी। कोरोना महामारी ने बहुत कुछ बदल कर रख दिया है। इस महामारी की वजह से जहां एक ओर आम जनजीवन पूरी तरह बदल गया है वहीं दूसरी ओर आर्थिक, सामाजिक एवं खेल गतिविधियां भी इससे अछूती नहीं हैं। क्रिकेट की इंडियन प्रीमियर लीग जिसे संक्षेप में आईपीएल कहा जाता है, आमतौर पर अप्रैल-मई माह में आठ फ्रेंचाइज टीमों के बीच भारत में आयोजित होती रही है। आर्थिक रूप से दुनिया की सबसे संपन्न क्रिकेट लीग में टीमें अपने देशी-विदेशी खिलाड़ियों के साथ भारतीय क्रिकेट प्रेमियों से खचाखच भरे भारतीय मैदानों पर अपने जौहर का प्रदर्शन करती थीं, लेकिन इस वर्ष पहले तो आयोजन को टाला गया फिर आईपीएल की गवर्निंग बॉडी द्वारा टूर्नामेंट को अरब देशों में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। विगत 18 सितंबर को प्रारंभ हुई दुनिया की यह सबसे रोमांचक लीग शारजाह, अबू धाबी और दुबई के क्रिकेट स्टेडियमों में बिना दर्शकों के ही खेली जा रही है।
आईपीएल का उद्घाटन मैच लीग की दो सबसे मजबूत माने जाने वाली टीमों चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियन के बीच खेला गया। जब पहले मैच में चेन्नई ने मुंबई को हरा दिया तो टेलीविजन पर मैच देख रहे दर्शकों और समीक्षकों को यह लगा कि पिछले सालों की तरह ही चेन्नई और महेंद्र सिंह धोनी का जलवा इस बार भी बरकरार रहेगा, लेकिन टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ता जा रहा है वैसे-वैसे चेन्नई का प्रदर्शन फीका होता जा रहा है और धोनी भी अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के आसपास भी नजर नहीं आ रहे हैं। हद तो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में हो गई और जब एक लगभग जीता हुआ मैच चेन्नई हार गई तथा धोनी भी बल्ले के साथ पूरी तरह फ्लॉप रहे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में भी कोलकाता वाली ही कहानी फिर से दुहराई गई।
अभी तक खेले गए मैचों के आधार पर जिस एक टीम ने अपने खेल से सबसे अधिक प्रभावित किया है, वह टीम डेल्ही कैपिटल्स है। युवा कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग की कोचिंग में दिल्ली की युवा टीम ने खेल के हर विभाग में विपक्षी टीमों पर अपनी छाप छोड़ी है और अभी तक सिर्फ एक मैच हारी है। इसके अतिरिक्त मुंबई इंडियंस जिसका नेतृत्व रोहित शर्मा के हाथों में है और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में बेंगलुरु की टीम भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अपने पिछले दो मैचों में लगभग हारते-हारते अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों पर जीत हासिल करने वाली दिनेश कार्तिक के नेतृत्व वाली कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम ने भी अपने लिए समर्थको का एक वर्ग तैयार कर लिया है। इन टीमों के अलावा अन्य टीमों का प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। सबसे अधिक आश्चर्यचकित कर देने वाला खराब खेल पंजाब टीम का रहा है। केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, मैक्सवेल जैसी मजबूत बैटिंग लाइन, मोहम्मद शमी के नेतृत्व में अच्छी बोलिंग और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज की कोचिंग में भी इस टीम ने लगभग अपने सभी मैचों में अपने प्रदर्शन से दर्शकों को निराश किया है।
यदि व्यक्तिगत प्रदर्शनों की बात करें तो बेंगलुरु के ओपनर अनकैप्ड खिलाड़ी देवदत्त पडीकल ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। वे अभी तक टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगा चुके हैं और इस खिलाड़ी में भारतीय क्रिकेट का भविष्य नजर आ रहा है। छिटपुट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में राहुल तेवटिया, राहुल त्रिपाठी, श्रेयस अय्यर, पृथ्वी शा, संजू सैमसन,कार्तिक त्यागी, सूर्यकुमार यादव,ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अम्बाती रायडू आदि का नाम लिया जा सकता है।
अभी तक टूर्नामेंट लगभग आधा भी समाप्त नहीं हुआ है, जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा कुछ नए सितारे उभरेंगे और दर्शकों को अपने उत्कृष्ट खेल से रोमांचित करेंगे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours