- कुर्बानी के VIDEO सोशल मीडिया पर न डालें
- सुरक्षा में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
भोपाल। मध्यप्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) कल मनाई जाएगी। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने नमाज और कुर्बानी को लेकर विशेष गाइडलाइन जारी की है। बोर्ड ने मुस्लिम समाज से अपील की है कि ईद की नमाज सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न पढ़ी जाए। नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह में ही अदा की जाए। पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मस्जिदों, ईदगाहों और दरगाहों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भोपाल में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी अलग-अलग इलाकों में तैनात रहेंगे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासनिक नियमों का पालन कर मनाएं ईद
वक्फ बोर्ड ने प्रदेशभर की मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और वक्फ समितियों को निर्देश जारी किया है। बोर्ड ने कहा- त्योहार शांति, सौहार्द और प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए मनाया जाए। किसी क्षेत्र में भीड़ अधिक होने की संभावना पर स्थानीय प्रशासन को सूचना दी जाए, ताकि व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जा सकें।
कुर्बानी के VIDEO सोशल मीडिया पर न डालें
वक्फ बोर्ड ने कुर्बानी को लेकर भी गाइडलाइन जारी की है। निर्देश में कहा गया है कि कुर्बानी केवल तय स्थानों पर ही की जाए। साथ ही कुर्बानी के फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से बचें। बोर्ड ने कहा कि ऐसे वीडियो समाज में अनावश्यक विवाद और तनाव की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
भोपाल में यहां-कब होगी ईद की नमाज
भोपाल की प्रमुख ईदगाह में सुबह 6:30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा जामा मस्जिद में 6:45 बजे, ताज-उल-मसाजिद में सुबह 7 बजे, मोती मस्जिद में 7:15 बजे और आरिफ नगर में 7:30 बजे नमाज होगी। वहीं एमपी नगर स्थित मस्जिद ख्वानी में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की जाएगी।
बीएचएल क्षेत्र में भी नमाज के समय तय किए गए हैं। जामा मस्जिद पिपलानी और मस्जिद सलामी गौतम नगर में सुबह 7 बजे नमाज होगी। मस्जिद बरखेड़ा में 7:30 बजे और मस्जिद हबीबगंज में 7:45 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।
कुर्बानी और साफ-सफाई के लिए विशेष इंतजाम
भोपाल में ज्यादातर जगहों पर घरों में ही कुर्बानी की व्यवस्था की गई है। कुर्बानी के अपशिष्ट के निपटान के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारी की है। निगम की गाड़ियां शहर के सभी 85 वार्डों में पहुंचेंगी और वेस्ट कलेक्शन किया जाएगा। इसके लिए आदमपुर कचरा खंती में अलग से व्यवस्था बनाई गई है।
ईद से पहले पानी की किल्लत से परेशानी
ईद से ठीक पहले भोपाल के कई इलाकों में पानी की समस्या भी सामने आई है। टीला जमालपुरा, नारियलखेड़ा, करोंद और डीआईजी बंगला क्षेत्र समेत कई जगहों पर पिछले दो दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है। पेयजल टंकी का वॉल्व खराब होने और मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन कटने से यह समस्या हुई।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
पुलिस और प्रशासन की ओर से फिलहाल अलग से कोई सार्वजनिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है, लेकिन शांति समिति की बैठकों में समाजजनों से त्योहार शांतिपूर्वक मनाने की अपील की गई है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी। किसी भी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ सामग्री साझा करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में इको फ्रेंडली ईद की अपील
भोपाल में श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी मुस्लिम समाज से इको फ्रेंडली ईद मनाने की अपील की है। समिति के अध्यक्ष चन्द्रशेखर तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए त्योहार मनाया जाए। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
+ There are no comments
Add yours