MP पुलिस का सीएम शिवराज ने बढ़ाया हौसला, जवानों के संक्रमित होने पर जताई चिंता

Estimated read time 1 min read

भोपाल. कोरोना आपदा (COVID-19) में लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की हौसला अफजाई के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने मंगलवार को उनके साथ सीधा संवाद किया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी आईजी (IG) और जिलों के एसपी (SP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Video Conferencing) की. इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी भी मौजूद रहे. सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पुलिस के काम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के सामने पहले ऐसे हालात कभी नहीं बने बावजूद इसके पुलिस ने जो काम किया है वह वाकई में सलाम करने लायक है.

सीएम शिवराज ने कहा कि पूरा प्रदेश पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा पर उनको प्रणाम करता है. सीएम ने खासतौर से उन बातों का जिक्र किया जिसमें पुलिस ने अपनी ड्यूटी से इतर सराहनीय काम किया है. सीएम ने कहा कि पुलिस ने न केवल भूखों को भोजन कराया बल्कि बीमारों को अपने कंधों पर लेकर अस्पताल तक भी पहुंचाया. यहां तक की अंतिम संस्कार के वक्त जब परिवार वाले पास नहीं आए तो इस जिम्मेदारी को भी पुलिस ने ही निभाया है. पुलिस ने इस कोरोना आपदा के बीच मानवता की मिसाल पेश की है.
पुलिस जवानों के संक्रमण पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पुलिस के काम की सराहना साथ ही उनके संक्रमित होने को लेकर भी चिंता जाहिर की. सीएम ने कहा ड्यूटी के दौरान कई पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं. इसको लेकर सरकार चिंतित है. कंटेन्मेंट एरिया में ड्यूटी करने वाले जवानों को ड्यूटी के लिए पीपीई किट दी जा रही हैं.

कोरोना आपदा में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के अलावा तमाम ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी खतरा बना रहता है. इंदौर भोपाल और उज्जैन में कुछ पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव भी आए हैं. इंदौर और उज्जैन में तो दो थाना प्रभारियों को कोरोना की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी. ऐसे में यह जरूरी है कि पुलिस का मनोबल बढ़ाया जाए और उन्हें ड्यूटी के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएं.

More From Author

+ There are no comments

Add yours