- भोपाल, ग्वालियर-जबलपुर में भी अलर्ट
- इंदौर-उज्जैन में गर्मी रहेगी
- 4 दिन तक ऐसा ही मौसम
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम केंद्र ने सोमवार को 34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह शामिल हैं। भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और रीवा में ओले गिर सकते हैं। आंधी की रफ्तार 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि प्रदेश में ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) की एक्टिविटी है। 7 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
सागर, श्योपुर-दमोह में गिरे ओले, 15 जिलों में बारिश
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 3 जिलों में ओले गिरे। 15 जिलों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, जबलपुर, नर्मदापुरम, पन्ना, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। श्योपुर, सागर और दमोह में ओलावृष्टि हुई।
पिछले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी का दौर भी रहा। सागर में इसकी रफ्तार सबसे ज्यादा 63 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। जबलपुर में 56Km, अशोकनगर-ग्वालियर में 46Km, शिवपुरी में 39Km, शहडोल में 31Km और पचमढ़ी में 26Km प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
भीषण गर्मी का ट्रेंड, लेकिन इस बार बदलाव
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मई महीने में एमपी में भीषण गर्मी का ट्रेंड रहा है, लेकिन इस बार मई की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई है। अगले 4 दिन यानी 7 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
+ There are no comments
Add yours