- 660 मेगावाट की सुपर क्रिटिकल इकाई से बदलेगी विद्युत नगरी की तस्वीर, 12 हजार करोड़ की परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने पर जोर
- पत्रकार वार्ता में विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां, तवा-3 खदान,जल आवर्धन योजना और सड़क निर्माण को बताया विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सारनी। आमला विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए किए गए सात प्रमुख कार्यों को पूरा कराने का दावा करते हुए विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे ने कहा कि क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।सारनी स्थित मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अपर रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बिजली उत्पादन, कोयला खनन,पेयजल, सड़क निर्माण और स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सारनी के औद्योगिक विकास को गति देना और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।विधायक डॉ. पंडाग्रे ने बताया कि सारनी में 660 मेगावाट क्षमता की सुपर क्रिटिकल विद्युत इकाई की स्थापना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से लगातार संपर्क एवं मुलाकात की गई। इसके परिणामस्वरूप लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजना पर काम शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सारनी की औद्योगिक पहचान मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि परियोजना में 50 से अधिक स्थानीय ठेकेदार काम कर रहे हैं। इन ठेकेदारों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को लगभग 70 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने यह भी कहा कि वर्तमान इकाई का निर्माण पूरा होने के बाद सारनी में 660 या 800 मेगावाट की एक और विद्युत इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा।डॉ.पंडाग्रे ने तवा-3 भूमिगत कोयला खदान का उल्लेख करते हुए कहा कि खदान तक पहुंच मार्ग का निर्माण कराया गया है और खदान के मुहाने से संबंधित कार्य जारी है। उन्होंने मार्च तक खदान से कोयला उत्पादन शुरू होने की संभावना जताई। उनके अनुसार, इससे कोयलांचल क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।उन्होंने बताया कि पाथाखेड़ा और शोभापुर कॉलोनी की झुग्गी बस्तियों तक बिजली पहुंचाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया गया। इससे इन क्षेत्रों के रहवासियों को बिजली सुविधा का लाभ मिला है।विधायक ने कहा कि गर्मी के मौसम में सारनी नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर हो जाता था। इस समस्या के समाधान के लिए लगभग 102 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना के माध्यम से नगर के 36 वार्डों में पेयजल सुविधा पहुंचाने और करीब 15 हजार कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है।उन्होंने सतपुड़ा जलाशय में फैली जलकुंभी की सफाई कराने का भी उल्लेख किया। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों को जोड़ने के लिए दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराए जाने की जानकारी दी।पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डॉ.पंडाग्रे ने कहा कि सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना का उल्लेख उनके घोषणा-पत्र में नहीं था,लेकिन क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए वे अदाणी समूह से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने करीब 10 करोड़ रुपये के संभावित कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिशा में आगे प्रगति होने की उम्मीद है। हालांकि,फैक्ट्री की स्थापना और परियोजना की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा है।
प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
डॉ योगेश पंडाग्रे ने 29 सितंबर को मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के गेट क्रमांक-8 पर हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर विधायक ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने प्रतिबंधित एवं अति संवेदनशील क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश किया और मुख्य अभियंता के कार्यालय में व्यवधान उत्पन्न किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ये आरोप विधायक ने पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए।घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के गांधी ग्राम प्रोजेक्ट और तवा-3 खदान के संदर्भ में भी उन्होंने कांग्रेस विधायक पर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दबाव की राजनीति के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को डराने-धमकाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे,सारनी मंडल अध्यक्ष गोलू राजपूत, मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार सिंह जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह, हेमंत रघुवंशी, कालिदास चौरसे,वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल रहमान खान,विलास चौधरी,समीम रिजवी,अशोक बारंगे, संदीप झपटे समेत भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।