- कलेक्टर ने की आयोजन की तैयारियों की समीक्षा
बैतूल। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म-तिथि 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत 31 अक्टूबर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। एकता, अखण्डता और सुरक्षा की भावना को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों तथा अन्य एजेंसियों द्वारा 31 अक्टूबर की शाम 4 बजे नगर के मुख्य मार्ग पर मार्च पास्ट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम वेबकास्ट किये जाएंगे, ताकि सभी आमजन इस कार्यक्रम को देख सकें। कार्यक्रम में कोरोना योद्धा जैसे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सफाईकर्मी इत्यादि आमंत्रित होंगे। कार्यक्रम आयोजित करते समय कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
मार्चपास्ट आयोजित होगा
कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि इस दिन प्रात: 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। सायं 4 बजे नगर के मुख्य मार्ग पर राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों तथा एजेन्सियों द्वारा मार्चपास्ट आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिले के कोरोना योद्धा जैसे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मी भी आमंत्रित रहेंगे।
गुरूवार को कलेक्टर श्री सिंह द्वारा उक्त आयोजन की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के निर्देशानुसार उपरोक्त आयोजन सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा जोशी, अपर कलेक्टर श्री जेपी सचान, संयुक्त कलेक्टर श्री राजीव रंजन पाण्डेय, एसडीएम बैतूल श्री सीएल चनाप, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री एसआर आजमी, जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्री बीएल विश्नोई सहित स्वास्थ्य एवं नगरपालिका के अधिकारी मौजूद थे।
+ There are no comments
Add yours