बैंक से राशि आहरित कर लेना होगा सिलेंडर, नहीं लेने पर आगामी माह नहीं मिलेगा, योजना का लाभ
सारनी। कोरोना वायरस कोविड-19 के संकट के बीच केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत तीन माह तक सिलेंडर की राशि शासन द्वारा खातों में दी जानी है। इसके तहत अप्रैल माह का भुगतान अधिकतर हितग्राहियों को किया जा चुका है। ऐसे हितग्राही जिन्होंने अभी तक उक्त राशि का आहरण कर एजेंसी से सिलेंडर नहीं लिया है, उन्हें 30 अप्रैल के पूर्व इसे लेना जरूरी है। शासन के नियमानुसार 30 अप्रैल तक सिलेंडर नहीं लेने पर आगामी माहों के अग्रिम भुगतान और सब्सिडी को रोक दिया जाएगा। ऐसे हितग्राही समयसीमा में सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इंडेन गैस एजेंसी सारनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सारनी नगरीय क्षेत्र में 2500 से ज्यादा हितग्राही हैं। इनमें से करीब 2000 हितग्राहियों ने उक्त सिलेंडर प्राप्त कर लिया है। लगभग 500 हितग्राहियों द्वारा राशि भी आहरित नहीं की गई है। इस संबंध में किसी भी तरह की परेशानी, पूछताछ के लिए संबंधित गैस एजेंसी, बैंक शाखा, अथवा नजदीकी पोस्ट आफिस से संपर्क किया जा सकता है।
+ There are no comments
Add yours