- नियमित स्कूल नहीं आने वाले टीचर्स को हटाने की तैयारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश
बैतूल। बैतूल में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने और नियमित स्कूल नहीं आने वालों को नौकरी से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीपीसी और बीआरसी को ऐसे शिक्षकों पर लगातार नजर रखने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ई-अटेंडेंस के आंकड़े देखे और नियम से हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने को कहा।
अपार आईडी और साइकिल वितरण की भी समीक्षा
बैठक में सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों के दाखिले, उनकी उपस्थिति, गणवेश और साइकिल वितरण की जानकारी ली गई। कम दाखिले वाले स्कूलों को तय लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अपार आईडी बनाने का काम धीमा मिलने पर कलेक्टर ने एपीसी जिला शिक्षा केंद्र का वेतन नहीं निकालने को कहा। ड्रॉप बॉक्स में बच्चों की स्थिति को लेकर भीमपुर बीआरसी को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
साइकिल वितरण में धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई
भैंसदेही, बैतूल और भीमपुर में तीन दिन में काम में सुधार नहीं होने पर वेतन काटने को कहा। साइकिल वितरण में प्रभात पट्टन और चिचोली की धीमी रफ्तार पर भी नाराजगी जताई।
बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग वत्सला शिवहरे, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।