- हेमंत खण्डेलवाल ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का दीप प्रज्जवलित कर किया उदघाटन
- जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाएं पार्टी कार्यकर्ता – गजेन्द्र सिंह पटेल
- जनजातीय गौरव सप्ताह को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज के महापुरुषों का योगदान बताएंगे – चन्द्रशेखर
- 14 नवंबर को प्रदेशभर में स्वच्छता और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे- पंकज टेकाम
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद गजेन्द्र पटेल, भाजपा के संघटक वी सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री प्रेम शुक्ला एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ को लेकर गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का दीप प्रज्जवलित कर उदघाटन किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय महापुरूषों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज के महापुरूषों का योगदान बताएं। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज सिंह टेकाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जयंती की पूर्व संध्या पर 14 नवंबर को प्रदेशभर में स्वच्छता और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय बहुल गांवों में चौपाल, छात्रावासों में संपर्क, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान और महिला हितग्राहियों से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके, श्रीमती सावित्री ठाकुर मंचासीन रहे।
देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा में जनजातीय समाज का अतुलनीय योगदान रहा है-श्री गजेन्द्रसिंह पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की स्वतंत्रता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्र की रक्षा में अतुलनीय योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, भीमा नायक, खाज्या नायक, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और वीर नारायण सिंह जैसे जनजातीय महापुरुषों ने विदेशी आक्रांताओं और अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। जनजातीय क्रांतिवीरों के संघर्ष और बलिदान को देश के इतिहास में उचित स्थान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के नायकों को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प है। मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। ऐसे में जनजाति मोर्चा के प्रत्येक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में जनजातीय समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है- श्री चन्द्रशेखर
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चन्द्रशेखर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। अनुसूचित जनजाति समाज की भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रत्येक जिले में 50 प्रतिशत या उससे अधिक जनजातीय आबादी वाले गांवों को चिह्नित कर वहां चौपाल आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान, बलिदान, संस्कृति और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, गोविंद गुरु और संथाल क्रांति जैसे ऐतिहासिक संघर्ष जनजातीय समाज के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। मानगढ़ धाम का इतिहास जनजातीय समाज के अदम्य साहस और बलिदान की गौरवगाथा है। जनजातीय समाज का जल, जंगल, जमीन, पृथ्वी, वृक्ष और पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। चौपालों के माध्यम से समाज के लोगों से संवाद कर भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, गोविंद गुरु सहित स्थानीय जनजातीय महापुरुषों के इतिहास और योगदान पर चर्चा की जाए। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें।
15 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य आयोजन किए जाएंगे – श्री पंकज टेकाम
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज टेकाम ने कहा कि 11 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जनजातीय समाज के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पत्रकार-वार्ता आयोजित की जाएंगी। 14 नवंबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं, देवस्थलों, मंदिरों और अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थानों की साफ-सफाई की जाएगी। इसी दिन शाम को इन स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी की ओर से जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं को इन कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, श्रीमती संपतिया उइके, श्रीमती निर्मला भूरिया, श्रीमती राधा सिंह, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती मनीषा सिंह, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, श्री जयदीप पटेल, मोर्चा प्रभारी श्री मनोरंजन मिश्रा एवं पूर्व मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे मंचासीन रहे।