• बच्चों से स्वच्छता को लेकर किया संवाद, टीम को बच्चों ने सुनाई कविताएं, संकुल प्राचार्य ने किया संबोधित

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शनिवार 10 अक्टूबर को आदिम जनजाति कल्याण विभाग शासकीय प्राथमिक शाला पाटाखेड़ा के बच्चों को पठन सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर बच्चों के साथ नगर पालिका की टीम ने स्वच्छता पर संवाद किया।
नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे एवं सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी हितेश शाक्य के निर्देशन में नगर पालिका की टीम आदिम जनजाति कल्याण विभाग की शासकीय प्राथमिक शाला पाटाखेड़ा पहुंची। यहां बच्चों को सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य सरिता झरबड़े, प्रधानपाठक सुखदेव खातरकर, शिक्षक विजय भगत, सीमा मालवीय, नगर पालिका की ओर से राजेश वागद्रे, अक्षय जोशी, विशाल मालवीय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर बच्चों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करने एवं कचरा गाड़ी में डालने, पॉलीथीन का उपयोग ना करने समेत अन्य बातों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को नगर पालिका द्वारा पठन सामग्री का वितरण किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *