• देश की युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण में निभाएगी अहम भूमिका – हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में भगवान श्रीराम मंदिर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और विकसित भारत के संकल्प पर आधारित विशाल रंगोलियों का अवलोकन कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत नए दौर में प्रवेश कर रहा है और मध्यप्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी के जन्मोत्सव के तहत आयोजित सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना और राष्ट्र के प्रति अपने भावों को अभिव्यक्त किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बच्चों ने रंगोली के माध्यम से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार किया है। युवा शक्ति की कल्पनाशीलता और संकल्प विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगी और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में बच्चों ने रंगोलियों से साकार की विकसित भारत की परिकल्पना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए युग में प्रवेश कर चुका है। मध्यप्रदेश भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के जन्मोत्सव को एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। रंगोली भारतीय संस्कृति, परंपरा और रचनात्मकता का प्रतीक है। इस आयोजन में बच्चों ने विशाल एवं आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने भावों को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया है। इन रंगोलियों में विकसित भारत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। युवाओं और बच्चों की ऊर्जा, प्रतिभा एवं संकल्प विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे आयोजन राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
युवा शक्ति की कल्पनाशीलता और संकल्प विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेंगे-श्री हेमंत खण्डेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बच्चों ने खूबसूरत रंगोली के माध्यम से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने का प्रेरक संदेश दिया है। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के विजन को जिस सुंदरता से प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हुई उनकी जनसेवा की यात्रा आज देश को विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री जी का विजन है कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने। इस संकल्प को पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण से भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।
भारत के नक्शे के रूप में बनाई मानव रंगोली
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यरक्ष श्री हेमंत खण्डे्लवाल ने शुक्रवार को टी.टी. नगर स्टेडिटम में भारत के नक्शे के रूप में बनी मानव रंगोली में शामिल बच्चों के बीच जाकर बैठकर संवाद किया। उन्होंने रंगीन गुब्बारे भी आसमान में छोड़े। पूरा स्टेडियम भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान हो गया था। स्टेडियम में उपस्थित युवाओं ने देश को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए “वी विल डू इट” और  भारत माता की जय के नारों का उदघोष किया। इस अवसर पर युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था, विद्यार्थी मुख्यमंत्री डॉ यादव से हाथ मिलाने, उनका अभिवादन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आतुर थे।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, श्रीमती कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक श्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *