• एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पांचवीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
  • 7 से 12 अक्टूबर तक चलेगी राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता

बैतूल। क्रीड़ा परिसर हमलापुर में बुधवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पांचवीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 12 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे, शाहपुर प्राचार्य आरबी वर्मा, भैंसदेही प्राचार्य श्री पांडे सहित अन्य अधिकारी  उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा आदिवासी संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ किया गया। छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस दौरान कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ और मजबूत बनता है। नियमित खेलकूद से शारीरिक व्यायाम होता है और व्यक्ति शारीरिक रूप से फिट रहता है। खेल हमारे जीवन में अनुशासन और धैर्य का विकास करता है। खेल हमें केवल जीतना ही नहीं सिखाता, बल्कि हार के बाद दोबारा खड़े होने का साहस और संबल भी देता है। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उइके ने कहा कि खेल के माध्यम से समय का महत्व, टीम भावना और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि खेल आत्मविश्वास प्रदान करता है और यह विश्वास जगाता है कि हम किसी से कम नहीं हैं।

       उन्होंने कहा कि आज भारत खेल के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों से भी प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने एशियन गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में ग्रामीण पृष्ठभूमि से उभरने वाली प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों में रहने वाले युवा मेहनती, मजबूत और दृढ़ संकल्प वाले होते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने विद्यालय, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

       पांचवीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान खो-खो, बास्केटबॉल, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

       सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे ने बताया कि वन विद्यालय तथा ओपन ऑडिटोरियम कोठी बाजार में विभिन्न खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *