- कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन के दिए निर्देश
बैतूल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिले में 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जन जागरूकता एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। कार्यक्रमों का उद्देश्य नशामुक्ति, स्वच्छता, ग्राम स्वराज, पर्यावरण संरक्षण तथा गांधीजी के विचारों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों, नगरीय निकायों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 2 अक्टूबर को नशा मुक्ति के लिए जन जागरूकता रैली तथा नुक्कड़-नाटक का मंचन, पोस्टर, चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई जाएगी। दूसरे दिन 3 अक्टूबर को स्थानीय विद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर प्रतियोगिताएं, प्रश्नमंच एवं संगोष्ठियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नशा मुक्ति के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में 4 अक्टूबर को ग्राम सभाओं में नशामुक्त ग्राम बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित और नशाबंदी सहित पोस्टर, पंपलेट आदि सामग्री का वितरण होगा। तृतीय दिवस 5 अक्टूबर को ग्राम स्तर, नगरीय स्तर एवं स्थानीय को व्हाट्सएप समूह तैयार कर नशा मुक्ति के संदेश एवं जन जागरूकता से संबंधित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 6 अक्टूबर को महिला एवं स्व-सहायता समूहों तथा शौर्य दलों के सहयोग से स्थानीय स्तर पर नशा मुक्ति संबंधी संदेशों एवं विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा 7 अक्टूबर को ग्राम, शहरी स्तर पर बनाए गए मास्टर वालंटियर के माध्यम से शपथ कार्यक्रम होंगे।
इसी तरह 8 अक्टूबर को जिला स्तर पर कार्यक्रमों का जिला स्तरीय समापन किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशा मुक्ति पर आधारित नाटक का मंचन, नुक्कड़ नाटक तथा गांधीजी के विचारों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।