- पाथाखेड़ा में 5वीं बार सिरमौर, HMS की चुनौती पर उठे सवाल 929 कर्मचारियों का भरोसा जीतकर बीएमएस प्रथम, 858 सदस्यों के साथ एटक दूसरे और 478 सदस्यों के समर्थन से HMS तीसरे स्थान पर 162 कर्मचारियों का सत्यापन अभी बाकी
सारनी। कोयलांचल क्षेत्र पाथाखेड़ा की भूमिगत खदानों में श्रमिक संगठनों की पकड़ और कर्मचारियों के भरोसे की तस्वीर एक बार फिर सामने आ गई है। 18 से 22 सितंबर तक चले सदस्यता सत्यापन के पहले चरण में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (बीएमएस) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है।संगठन ने 929 कर्मचारियों को अपने साथ जोड़कर लगातार पांचवीं बार शीर्ष स्थान पर कब्जा बरकरार रखा है।सदस्यता सत्यापन के आंकड़ों ने जहां बीएमएस के पक्ष में कर्मचारियों के समर्थन को रेखांकित किया है,वहीं अन्य श्रमिक संगठनों के लिए आत्ममंथन का अवसर भी पैदा किया है।
किस संगठन को कितने कर्मचारियों का समर्थन
पहले चरण में कुल 2682 कर्मचारियों में से 2520 कर्मचारियों का सदस्यता सत्यापन पूरा हो चुका है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार-
BMS यूनियन: 929 सदस्य
एटक यूनियन: 858 सदस्य
HMS यूनियन: 478 सदस्य
अन्य संगठन: 51 सदस्य
शेष 162 कर्मचारियों का सदस्यता सत्यापन 28 और 29 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सदस्यता सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने पर संगठनों की स्थिति की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।
पाथाखेड़ा में HMS के प्रदर्शन पर मंथन की जरूरत
सदस्यता सत्यापन के नतीजों ने HMS यूनियन के सामने भी कई सवाल खड़े किए हैं। कोल इंडिया स्तर पर HMS की मजबूत उपस्थिति के बाद भी पाथाखेड़ा क्षेत्र में संगठन अपेक्षित समर्थन हासिल नहीं कर पा रहा है। विशेष रूप से HMS यूनियन के कोल इंडिया स्तर के अध्यक्ष शिवकुमार यादव की मौजूदगी के बाद क्षेत्रीय स्तर पर संगठन का प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि,सदस्यता के आंकड़े किसी संगठन की पूरी कार्यक्षमता या संघर्ष क्षमता का अकेला पैमाना नहीं होते,लेकिन वे कर्मचारियों के मौजूदा समर्थन की दिशा अवश्य दर्शाते हैं।ऐसे में HMS नेतृत्व के सामने यह विचारणीय विषय हो सकता है कि क्या क्षेत्र में संगठन की रणनीति, श्रमिकों से संवाद,स्थानीय नेतृत्व और जमीनी सक्रियता में बदलाव की आवश्यकता है।क्या कर्मचारियों की स्थानीय समस्याओं से जुड़ाव और संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। इन सवालों पर संगठन के भीतर गंभीर समीक्षा और मंथन किया जा सकता है।
BMS ने जताया कर्मचारियों का आभार
बीएमएस के क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान एवं क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद कुमार ने भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ परिवार, पाथाखेड़ा क्षेत्र की ओर से सभी कामगारों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से कर्मचारियों ने संगठन पर विश्वास जताते हुए उसे प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह समर्थन संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारी को और बढ़ाता है।28 और 29 सितंबर को होने वाले दूसरे चरण के सत्यापन के बाद 162 कर्मचारियों के निर्णय भी सामने आएंगे। अब निगाहें अंतिम आंकड़ों और श्रमिक संगठनों की आगामी रणनीति पर टिकी हैं।