• बिना सूचना चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का आरोप, पुनर्गठन के बाद विधिवत चुनाव कराने की मांग

बैतूल। जिला फुटबॉल संघ, बैतूल के पुनर्गठन और विधिवत चुनाव की मांग को लेकर पूर्व व वर्तमान फुटबॉल खिलाड़ियों तथा क्लब सदस्यों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों ने चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से कराने की मांग की।
खिलाड़ियों का कहना है कि संघ के चुनाव की प्रक्रिया बिना उचित सूचना के सीमित स्तर पर संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। संघ से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों, क्लबों और संबंधित इकाइयों को समय पर आधिकारिक सूचना नहीं मिलने से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिला फुटबॉल संघ का पुनर्गठन कर चुनाव की तिथि, समय और स्थान की स्पष्ट पूर्व सूचना सभी संबंधित सदस्यों व इकाइयों को दी जाए। पात्र मतदाताओं तथा संबद्ध क्लबों और इकाइयों की अधिकृत सूची भी सार्वजनिक की जाए। पूरी प्रक्रिया में मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के नियमों और संविधान का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
खिलाड़ियों ने कहा कि यदि बिना सूचना कोई चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई है तो निष्पक्षता सुनिश्चित होने तक उसे स्थगित किया जाए। साथ ही फर्म एवं सोसाइटी तथा एमपीएफए की ओर से अधिकृत ऑब्जर्वर नियुक्त कर चुनाव की निगरानी कराने की मांग रखी।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी रमेश भाटिया, लल्ली वर्मा, हेमंत बबलू दुबे, जगेंद्र तोमर, सुरेश यादव, राकेश रक्कू शर्मा, साहिब राव पंडाग्रे, जगदीप वर्मा, नितेश राजपूत, नारायण मिश्रा, विजय तहकीत, विजय पवार, रवि पटेल और कैलाश सहित अन्य खिलाड़ी व क्लब सदस्य मौजूद रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *