सारनी। शिक्षक दिवस के अवसर पर सारनी सहित आसपास के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। स्कूलों में दिनभर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों ने शिक्षकों को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
सलैया स्थित बालकृष्ण स्कूल में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर स्कूल का शिक्षक स्टाफ विशेष वेशभूषा में विद्यालय पहुंचा। वहीं विद्यार्थियों ने भी विशेष वेशभूषा में शामिल होकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों को मंच पर आमंत्रित किया और उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं योगदान का उल्लेख किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।