- कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
बैतूल। कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम बोरगांव जीन निवासी बिहारीलाल मालवीय ने विनिर्माता का रजिस्ट्रेशन दिलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने डीएफओ साउथ को वन परिक्षेत्र अधिकारी ताप्ती द्वारा सत्यापित करा कर आवेदक की समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत भडुस के वार्डवासियों द्वारा अवैध गोबर के घुड़े व घरेलू अपशिष्ट को हटाने के आवेदन पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत बैतूल को जांच कर आवेदकों की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
अवैध कब्जा पाए जाने पर हटाने के निर्देश
जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के पाढर निवासी हेमराज राठौर ने अनावेदक गणों द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा कर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने शाहपुर एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल के टेलिफोन कॉलोनी विकास नगर निवासी ढोंडू साहूकार ने पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार मुलताई को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। आठनेर के ग्राम धारुल निवासी बिरे सिंग ने सरपंच द्वारा वन मंडल अधिकारी दक्षिण बैतूल सामान्य को भ्रामक जानकारी देकर दुकान हटाए जाने की शिकायत की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने डीएफओ साउथ को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
दुर्गा वार्ड में सड़क निर्माण कराए जाने की मांग
जनसुनवाई में बैतूल के दुर्गा वार्ड के रह वासियों ने वार्ड में सड़क निर्माण कराए जाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने बैतूल सीएमओ को आवेदकों की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम नांदकुंडी निवासी शिवकिशोर खाकरे ने पुत्री के इलाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए सहायता राशि प्रदान किए जाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने डीपीओ को रेड क्रॉस और स्वेच्छानुदान से सहायता देने के निर्देश दिए। बैतूल निवासी डॉ.पंजाबराव सोनारे द्वारा पेंशन में महंगाई भत्ता कम जोड़ने के आवेदन पर कलेक्टर ने सीएमएचओ और पेंशन अधिकारी को जांच कर आवेदक की समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन निवासी ज्ञानेश्वर वागद्रे ने सीएम हेल्पलाइन में गलत जानकारी देने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच कर आवेदक की समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।