बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जिले में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। अभियान के तहत जनसहभागिता से स्कूलों में डेस्क-बेंच, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, ई लर्निंग टूल्स, क्रियाशील शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुलताई के श्री कृष्णा राव चिल्हाटे द्वारा सेवानिवृत्ति अवसर पर प्राथमिक शाला बघोली बुजुर्ग को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री एवं सुविधाएं भेंट की गईं। विद्यालय को 16 डेस्क, 16 बेंच, 1 एक्वा प्योर आरओ सिस्टम तथा 1 अलमारी प्रदान की गई। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था के साथ ही स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल और शैक्षणिक सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा श्री श्रवण इवने झिरनाधाना द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला को 5 एलईडी ट्यूबलाइट प्रदान किए गए।
जिला प्रशासन ने शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत जिलेवासियों से जनभागीदारी की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि विद्यालयों में डेस्क-बेंच, बिजली, पंखे, प्रकाश व्यवस्था एवं क्रियाशील शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने में सभी सहयोग करें। शिक्षक, पालक, जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं नागरिक अपने स्तर पर विद्यालयों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहभागिता निभाएं।
सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सकता है। सभी अभियान में सक्रिय भागीदारी कर ‘शिक्षा संजीवनी’को जनअभियान बनाने का आह्वान किया है।