बैतूल। बीती रात इस साल की सबसे ठंडी रात दर्ज रही। सोमवार रात पारा गिरकर चार डिग्री पर पहुंच गया। कल से आज तक यह गिरावट भी चार डिग्री ही दर्ज की गई है। इसने वातावरण में कपकपाहट बढ़ा दी है। इससे पहले पिछले 8 फरवरी को सबसे ठंडा दिन दर्ज किया जा चुका है। लेकिन रात को पड़ी ठंड ने इसका रिकार्ड तोड़ दिया है।
उत्तर पूर्व से चल रही ठंडी हवाओं ने यहां मौसम में ठंडक घोल दी। बीती रात यहां 4.4 डिग्री गिरे पारे ने रात को सर्द बना दिया। आज सुबह मौसम विभाग द्वारा दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान का आंकड़ा 4.8 दर्ज किया गया। जो रविवार शाम 9.2 डिग्री से 4.4 डिग्री कम है। इसी साल 8 फरवरी को सबसे कम 5.8 डिग्री पारा दर्ज किया गया था। लेकिन आज दर्ज आंकड़े ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया।
रविवार को जताई थी संभावना
रविवार को यहां पूरे दिन सर्द हवाओं के साथ ठंडक महसूस की जाती रही। मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर पूर्व से चल रही ठंडी हवाओं और वातावरण में बढ़ी आर्द्रता इसकी खास वजह है। रविवार आर्द्रता का स्तर 85 फीसदी रहा। यह शनिवार 61 से 89 प्रतिशत दर्ज किया गया था।
यह रहा तापमान का हाल
बैतूल में रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा। जबकि, सुबह न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया था।हालांकि, दिन में तपी धूप के बाद पारे में 1.2 डिग्री की उछाल के साथ यह शाम को 9.2 पर पहुच गया था। मौसम में महसूस की जाने वाली ठंडक की सबसे बड़ी वजह शनिवार दिन के बाद रात में पारे का साढ़े तीन डिग्री नीचे खिसकना रहा। यही हाल आज भी रहा।
सबसे सर्द थी 8 फरवरी,अब टूटा रिकार्ड
इसी साल 30 जनवरी को पारा 6.2 पर पहुंचा था। लेकिन 8 फरवरी को यह सबसे कम 5.8 डिग्री पर पहुंचकर सबसे सर्द दिन रह चुका है। हालांकि, पिछले साल 11 जनवरी 2020 को पारा सबसे कम 1.7 डिग्री सेल के साथ सबसे कम दर्ज हुआ है। लेकिन रात को गिरे पारे ने इसका रिकार्ड तोड़ दिया।