• सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा की विकासवार्ता, विस चुनाव की भाजपा प्रत्याशी ने किया संबोधित

घोड़ाडोंगरी। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के वर्तमान कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर घोड़ाडोंगरी विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकास वार्ता का आयोजन किया गया। विकास वार्ता में उपस्थित पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों को विगत विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रही श्रीमती गीता रामजीलाल उईके ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के 15 माह के शासनकाल में ही मध्यप्रदेश हर मोर्चे पर पिछड़ने लगा था लेकिन एक वर्ष पूर्व जननेता शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के रूप में पुनः मध्यप्रदेश की बागडोर संभालकर प्रदेश को पुनः विभिन्न मोर्चों पर अग्रणी बनाने का काम किया है। पिछले एक वर्ष के दौरान मध्यप्रदेश ने गेहूं उपार्जन में संपूर्ण देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में गुणवत्ता मानकों और सड़क निर्माण की प्रगति के आधार पर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है । मनरेगा अंतर्गत श्रमिक नियोजन करने वाले राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। श्रीमती उइके ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान मध्यप्रदेश में महिला अपराधों में 4.35% की कमी आई है। सरकार की इच्छाशक्ति के चलते मध्यप्रदेश में प्रशासन ने भू माफियाओं के कब्जे से 10 हजार करोड़ कीमत की 3000 हेक्टेयर से अधिक जमीन मुक्त कराई है। इस तरह से कोरोना के संकट काल में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दृढ़ इच्छाशक्ति से काम करते हुए प्रदेश की जनता को बीमारी से तो बचाया ही है साथ ही प्रदेश में विकास की गाड़ी को पुनः पटरी पर लाया है। विकास वार्ता को पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी ने घोड़ाडोंगरी और शाहपुर को नगर परिषद और तहसील का दर्जा देकर गौरव बढ़ाया है और आगे भी घोड़ाडोंगरी के विकास के लिए उन्होंने हर संभव सहयोग का वादा किया है। राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती गंगा उइके ने भी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर उपस्थित होने पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मध्य प्रदेश का चौमुखी विकास हुआ है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल बत्रा ने कहा कि सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश व्यापी स्तर पर विकास वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। विकास वार्ता के आरंभ में मंडल अध्यक्ष राजेश महतो ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना आम जनता के लिए कल्याणकारी है। विकास वार्ता में भाजयुमो प्रदेश मंत्री दीपक उईके,मंडल महामंत्री जतिन अरोरा, पूर्व मंडल महामंत्री प्रशांत गावंडे गणमान्य नागरिक वर्ग से अधिवक्ता श्रीमती मंजू शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य एनपी सिंह, साहित्यकार संतोष जैन, व्यापारी संघ से तोषण गावंडे, आदित्य अग्रवाल, समाज प्रमुख श्रीराम साहू, भारत अरोरा, केजी अग्रवाल,विकास अग्रवाल,मुकेश सोनी, कमलेश जैन, अधिवक्ता विवेक जैन, मोहन कहार, त्रिभुवन पांडेय, लालसिंह  साहू, जगदीश रघुवंशी एवं मंडल पदाधिकारी आशीष वागद्रे, राकेश अरोरा, देवीप्रसाद जैसवाल, भाजपा नेता सिद्धार्थ बिहारे सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक।मौजूद रहे। विकास वार्ता का संचालन मंडल महामंत्री जतिन काकू अरोरा ने किया। विकास वार्ता के दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने भाजपा संगठन को विभिन्न सुझाव एवं समस्याओं से अवगत कराते हुए सदैव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *