बैतूल। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बैतूल से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए एक विशेष ट्रेन कल (19 जुलाई) रवाना होगी। यह चार दिवसीय यात्रा 19 से 22 जुलाई तक चलेगी। बैतूल जिले से कुल 260 यात्रियों का चयन किया गया है। इस यात्रा का शुभारंभ बैतूल से होने के कारण नर्मदापुरम और सागर जिले के श्रद्धालु भी इसी ट्रेन से यात्रा करेंगे। यह ट्रेन बैतूल रेलवे स्टेशन से सुबह 10:10 बजे प्रस्थान करेगी। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रा के दौरान एक चिकित्सक, पांच पुलिस आरक्षक और पांच अनुरक्षक तैनात रहेंगे, जो पूरे सफर में यात्रियों की सहायता करेंगे। रेलवे के अनुसार, 14 कोच वाली यह विशेष ट्रेन इटारसी, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा कैंट, देवबंद और रुड़की होते हुए 20 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी यात्रा 21 जुलाई को रात 8 बजे हरिद्वार से शुरू होगी। यह ट्रेन रुड़की, देवबंद, आगरा कैंट, बीना और इटारसी होते हुए 22 जुलाई को रात 11:40 बजे बैतूल वापस पहुंचेगी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत, प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कराती है। इस योजना में यात्रा के दौरान भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी शासन द्वारा की जाती है।
हरिद्वार के लिए कल बैतूल से रवाना होगी विशेष ट्रेन:260 यात्री करेंगे यात्रा, डॉक्टर, पुलिस बल और अनुरक्षक रहेंगे साथ
+ There are no comments
Add yours