कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्राथमिक शाला बंजारी ढाल का किया निरीक्षण

Estimated read time 1 min read
  • पेयजल व्यवस्था पर एई को नोटिस जारी करने के निर्देश

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम बंजारी ढाल स्थित प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का परीक्षण किया। शिक्षा का स्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने शिक्षकों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में दर्ज विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संख्या की जानकारी लेने के साथ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। शौचालय का समुचित रखरखाव नहीं मिलने नाराजगी  जाहिर की और पेयजल व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने संबंधित एई पीएचई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सीएससी श्री धीरज यादव एवं श्री अनिल साहू को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जननायक गंजन सिंह कोरकू को किया नमन

भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी जनजातीय नायक गंजन सिंह कोरकू की शहीद स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंचायत को स्मारक के समुचित रखरखाव के साथ-साथ गंजन सिंह कोरकू के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान एवं वीरता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

More From Author

+ There are no comments

Add yours