स्टार प्रचारकों की सभाओं की मांग : बैतूल भाजपा ने मोदी-शाह और योगी का समय मांगा, कांग्रेस में राहुल-प्रियंका की सभा की डिमांड

Estimated read time 1 min read

बैतूल। बैतूल जिले की पांच विधानसभाओं में प्रमुख राजनैतिक दल अब चुनाव प्रचार में तेजी लाते हुए अपने अपने क्षेत्रों में पार्टी के स्टार प्रचारकों को बुलाने की जुगत में लगे हुए हैं। भाजपा में जहां पीएम मोदी से लेकर अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की डिमांड है तो कांग्रेस में राहुल, प्रियंका और कन्हैया कुमार की सभाओं की मांग की जा रही है।

बैतूल भाजपा ने मांगा पीएम का कार्यक्रम

बैतूल में भाजपा ने पीएम मोदी का कार्यक्रम मांगा है। संभावना है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उनका बैतूल दौरा हो सकता है। जिसमें संभाग के सभी प्रत्याशियों को एक ही मंच पर बुलाया जा सकता है। फिलहाल यह प्रस्तावित दौरा है। भाजपाई इस दौरे से उम्मीद लगा रहे हैं कि इससे कार्यकर्ता उर्जा से भरेगें और माहौल बदलने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस ने राहुल, प्रियंका के कार्यक्रम मांगे

इधर, कांग्रेस में भी राहुल, प्रियंका की डिमांड के साथ अन्य दूसरे नेताओं की भी मांग की जा रही है। बताया जा रहा है कि घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल उइके की तरफ से राज बब्बर ,जीतू पटवारी, मीनाक्षी नटराजन और सचिन पायलट की सभाएं मांगी गई हैं। जबकि भैंस देही विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी धरमू सिंह ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, राज बब्बर और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की डिमांड की है। इसके अलावा मुलताई विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कमल नाथ की सभाओं की मांग पार्टी से की है।

आमला में भी इसी तरह की डिमांड आई है। यहां रामू टेकाम को अधिक समय तक क्षेत्र में सक्रिय रखने की आवाज उठी है। बैतूल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी निलय डागा के लिए भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की मांग की गई है। शहर जिला अध्यक्ष गुड्डू शर्मा ने बताया कि संगठन की ओर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मांग की गई है। उनकी उपलब्धता के हिसाब से उनके कार्यक्रम जिले को मिल सकते हैं। ग्रामीण जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का दौरा घोड़ा डोंगरी विधानसभा में हो चुका है और अब जिले की अन्य चार विधानसभाओं के लिए उनका दौरा कार्यक्रम मांगा गया है। क्योंकि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का कार्यक्रम ऊपर से तय होता है इसलिए इसे संगठन पर छोड़ दिया गया है। हालांकि इसकी बराबर मांग की जा रही है।

खड़गे आ सकते हैं आमला
मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव प्रचार के आखरी दिन 15 नवम्बर को बैतूल जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित आमला विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मालवे के लिए आमसभा को संबोधित कर सकते हैं। उनका यहां दौरा प्रस्तावित है। मल्लिकार्जुन खड़गे कुछ समय पहले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य के रहने वाले खड़गे की कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में होती है। कई बार विधायक, सांसद तथा मंत्री खड़गे का बैतूल जिले में प्रचार में आने का कितना फायदा उम्मीदवार को मिलेगा। इसकी चर्चा अभी से हो रही है क्योंकि दक्षिण भारत के निवासी होने के कारण खड़गे की हिन्दी पर उतनी अच्छी पकड़ नहीं है जितनी उत्तर भारत के इस हिन्दी भाषी बैतूल जिले में किसी स्टार प्रचारक की होनी चाहिए। वैसे अभी तक देखने में यही आया है कि बैतूल जिले में विभिन्न चुनावों में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ही प्रमुख और स्टार प्रचारक रहे हैं। ​​​​​​

राहुल-प्रियंका का नहीं मिला जिले को कार्यक्रम

मीडिया में हो रही चर्चा के अनुसार मध्यप्रदेश के इस 12 दिन के चुनाव प्रचार में 5 नवम्बर से राहुल-प्रियंका दोनों ही दौरा शुरू कर रहे हैं लेकिन इस संभावित दौरे में दोनों ही स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम में अभी तक बैतूल जिले की किसी भी विधानसभा को स्थान नहीं मिला है।

संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी 5 नवम्बर को धार जिले के कुक्षी विधानसभा सीट पर और इंदौर जिले के इंदौर 5 सीट पर, 8 नवम्बर को पुन: इंदौर जिले की सांवेर और देवास जिले के खातेगांव, 9 नवम्बर को रीवा, 15 नवम्बर को दतिया जिले में सभा को संबोधित करेंगी। इसी तरह से जो दौरा अभी तक सामने आया है। उसमें राहुल गांधी 9 नवम्बर से दौरा शुरू कर रहे हैं। जिसमें सबसे पहले नई सराय, अशोक नगर, चंदेरी सभा को एवं जबलपुर ईस्ट और जबलपुर वेस्ट में यात्रा करेंगे। वहीं 10 नवम्बर को सतना सीट पर आमसभा करेंगे।

इसी तरह से 13 नवम्बर को राहुल गांधी नर्मदापुरम संभाग के हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में, रायसेन के उदयपुरा में आमसभा और इकबाल नगर भोपाल में पदयात्रा करेंगे। इसके बाद 14 नवम्बर को राहुल गांधी विदिशा, छतरपुर जिले के राजनगर और खजुराहो में सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इनकी सभाओं के लिए प्रदेश के कुछ और क्षेत्र भी जुड़ सकते हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours