बैतूल। जान जोखिम में डालकर स्कूली बच्चों के नदी पार करने के तीन दिन पहले सामने आए एक वीडियो के बाद चिचोली इलाके में ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है। जिसमें स्टाप डैम पर लकड़ी की पटिया रखकर स्कूली बच्चों को उफनती नदी पार कराने की तस्वीर दिखाई पड़ रही है। बाढ़ वाली नदी पार कराने का यह जोखिम ऊंचा गोहान और धौल के बीच पड़ने वाली धोल नदी का है। यहां बारिश के दिनों में दोनों गांव के बीच पड़ने वाली नदी में बाढ़ के हालात बन जाते है। इस रास्ते पर पड़ने वाली पुलिया की ऊंचाई कम होने के कारण इस पर बाढ़ का पानी चढ़ जाता है। ऐसे में ग्रामीण इसी नदी पर पड़ने वाले एक स्टाप डैम का उपयोग नदी पार करने के लिए करते है।
लकड़ी की पटिया से पार करते है नदी
ऊंचा गोहन और ढौल के बीच की दूरी 2 किमी है। इसके बीच की नदी में बाढ़ आने पर गांव के युवा लकड़ी की एक पटिया लेकर स्टाप डैम पर पहुंचते हैं। बच्चों के स्कूल जाते और लौटते समय स्टाप डैम के एक पिलर से दूसरे पिलर तक पांच फुट लंबी पटिया डाली जाती है। जिसके नीचे उफनती नदी बहते रहती है। नदी पार करने के लिए युवा स्कूली बच्चों को पटिया पर पैर रखकर हाथ पकड़कर एक सिरे से दूसरे सिरे तक पहुंचाते है। यहां जोखिम का स्तर यह होता है अगर गलती या असावधानी से भी हाथ छूट जाए या फिर पटिए से पैर फिसल जाए तो नदी में बहने का खतरा 100 फीसदी रहता है।
सड़क दोनों तरफ से खराब
वायरल हुए इस वीडियो की जानकारी शिक्षा विभाग अधिकारियों को मिलने पर उन्होंने बारिश के दिनों में उफान भरे नदी नालों को पार नहीं करने की समझाइश दी है। विभाग ने कहा है कि आपातकालीन स्थिति में इसकी सूचना प्रशासन को दें। हंड्रेड डायल और पुलिस विभाग राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दें। सूचना पर त्वरित मदद की जाएगी।
चोपना इलाके की तस्वीर आई थी सामने
कटंगी गांव से प्रतिदिन लगभग 60 बच्चे शांतिपुर पढ़ने आते हैं। कुछ बच्चे साइकिल से आते हैं और कुछ के अभिभावक उन्हें बाइक से छोड़ने आते हैं। कटंगी से शांतिपुर गांव आने के लिए एक रास्ता 8 किलोमीटर लंबा है, जो पैदल आने वाले बच्चों के लिए लंबा पड़ जाता है। एक रास्ते पर पुल टूट जाने के कारण वह बंद हो गया है। इसको लेकर बच्चे शॉर्टकट में स्टॉप डेम वाले रास्ते से घर आना जाना करते है। मंगलवार भी बारिश हुई तो स्टाप डैम पर पानी चढ़ गया। ऐसे में बच्चों ने सीढ़ी लगाकर इसे पार किया। सीढ़ी लगाकर पार करने का यह वीडियो बुधवार सामने आया था। बताया जा रहा है कि आज सामने आया वीडियो भी सोमवार या मंगलवार का है।
+ There are no comments
Add yours