सारनी। सुखाढाना में नया उद्योग क्लस्टर विकसित करने एवं सारनी क्षेत्र में नए उद्योगों की सम्भावनाओं को लेकर विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने मप्र शासन के लघु सूक्ष्म और मध्यम उद्योग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा से लम्बी चर्चा की। अपने एक दिवसीय प्रवास पर बुधवार को बैतूल आए श्री सकलेचा विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल, पूर्व विधायक अलकेश आर्य के निवास पर पहुंचे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला सहित पार्टी पदाधिकारियों से मुलाक़ात की। इस दौरान सारनी के पास सुखाढाना एवं मुलताई के पास मोही एवं जिले में अन्य स्थानों पर उद्योग की सम्भवनाओं पर चर्चा हुई।
सर्किट हाउस में कलेक्टर राकेश सिंह की उपस्थिति में हुई बैठक में सुखाढाना सहित अन्य क्षेत्रों में उद्योग की सम्भवनाओं पर मंथन हुआ। विधायक श्री पंडाग्रे ने उद्योग मंत्री को अवगत कराया कि सुखाढाना में इलेक्ट्रीकल और मैकेनिकल पार्ट के लिए 10 हैक्टेयर भूमि को क्लस्टर के रूप में विकसित किए जाने का प्रस्ताव लम्बित है। मंत्री श्री सकलेचा ने बताया कि उनकी केंद्र से बात हुई है और प्रदेश के सभी उद्योग क्लस्टरों को स्वीकृति 100 दिन के भीतर मिलेगी जिसमे सुखाढाना क्लस्टर भी शामिल है। श्री सकलेचा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नए उद्यमियों को जमीन और अधोसंरचना सम्बन्धी समस्यायों से न जूझना पड़े। सरकार क्लस्टर विकसित कर के देगी। उद्यमी अपनी ऊर्जा उद्योग लगाने और उसे चलाने में लगाएं जिससे कि लोगों को रोजगार मिल सके।
आमला विधायक डॉ. पंडाग्रे ने श्री सकलेचा को यह भी अवगत कराया कि सारनी क्षेत्र में फ्लाई ऐश और कोयले की प्रचुर उपलब्धता है वावजूद इससे सम्बंधित कोई उद्योग यहाँ नही है। इसी प्रकार कील, टूल्स इक्यूपमेंट्स, ऑटोपार्ट्स की यूनिट लगाई जा सकती है। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि बैतूल प्रदेश में बांस का सबसे बड़ा उत्पादक जिला है। सारनी के बेलौन्ड जामखोदर में बांस का सर्वाधिक उत्पादन होता है। इस क्षेत्र में बांस आधारित उद्योग की अपार सम्भवना है। मंत्री श्री सकलेचा ने कहा कि प्रदेश में 4 स्थानों पर फनीर्चर उद्योग का बड़ा क्लस्टर विकसित किया जाना है जिसमे बैतूल जिला भी शामिल है। इस क्लस्टर के लिए 100 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। विधायक डॉ. पंडाग्रे ने लघु सूक्ष्म मध्यम उद्योग मंत्री श्री सकलेचा से मांग की कि फर्नीचर उद्योग का क्लस्टर सुखाढाना चोरडोंगरी क्षेत्र में विकसित किया जाए। विधायक डॉ. पंडाग्रे ने मंत्री के समक्ष टिम्बर व्यवसायियों की जीएसटी एवं फारेस्ट से सम्बंधित समस्याएं प्रमुखता से रखी। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, डीएफओ भारतीय जनता पार्टी मंडल सारणी के मंडल अध्यक्ष सुधा चंद्रा और युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं उद्यमी गगन अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद थे।
+ There are no comments
Add yours